कार की टक्कर से किशोर की मौत:शव न मिलने पर परिजनों का हंगामा, पुलिस पर मारपीट का आरोप

Nov 17, 2026 - 18:14
0
कार की टक्कर से किशोर की मौत:शव न मिलने पर परिजनों का हंगामा, पुलिस पर मारपीट का आरोप
लखनऊ के कृष्णानगर के बरबिरवा में सोमवार रात कार की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो उसे लेकर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें शव सौंपने के बजाय अपनी कस्टडी में ले लिया। साथ ही मृतक के बड़े भाई के साथ मारपीट की। इससे नाराज परिजनों ने पुलिस के खिलाफ हंगामा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। मूलरूप से उन्नाव के मर्दनखेड़ा पुरवा निवासी राम गुलाम पत्नी किशन कुमारी और छह बेटों के साथ कृष्णानगर के बारावीरवा स्थित मानसरोवर एलडीए मार्केट के सामने फुटपाथ पर रहते हैं। उनका सबसे छोटा बेटा अंकुश (17) सोमवार रात करीब 9:30 बजे कानपुर रोड की तरफ से आ रही एक अज्ञात कार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर पकरी पुल की ओर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकुश को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शव को चौराहे पर रखने की तैयारी का पुलिस ने किया विरोध मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन उसे अपने सुपुर्द करने की मांग करने लगे। आरोप है कि पुलिस ने शव उन्हें देने के बजाय अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान मृतक के बड़े भाई मुकेश के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया। इसके बाद परिजन और उनके समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। कृष्णानगर प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि हादसे से पहले अंकुश अपने एक साथी के साथ शराब के नशे में झगड़ रहा था। इसी दौरान वह कार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन शव को चौराहे पर रखने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें ऐसा करने से रोका गया था, जिसके बाद हंगामा हुआ। फिलहाल परिजन शव लेकर अपने पैतृक गांव चले गए हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User