कल्याणपुर में युवती ने अस्पताल संचालक शोषण का आरोप लगाया:धर्म बदलने और मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाने की शिकायत
कानपुर के कल्याणपुर में एक युवती ने अस्पताल संचालक पर शादी का झांसा देकर नौ वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि शादी की बात करने पर आरोपित ने उस पर धर्म परिवर्तन करने और मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट, जान से मारने और अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने का भी आरोप है। युवती ने आरोपित के चचेरे और ममेरे भाइयों पर भी अश्लील हरकतें करने की शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। 2017 में अस्पताल में काम करने के दौरान हुई मुलाकात कल्याणपुर के एक मोहल्ले की निवासी युवती अपने पिता के साथ रहती है। पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2017 में वह बिठूर स्थित एक अस्पताल में काम करती थी। आरोप है कि 22 नवंबर 2017 को वहां काम करने वाले रावतपुर निवासी एक वार्ड ब्वॉय ने शादी का झांसा देकर अस्पताल में ही उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपित अस्पताल, अपने घर और अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। युवती का कहना है कि आरोपित के स्वजन भी दोनों की शादी के लिए सहमत थे। अस्पताल में करीब तीन साल तक लिव-इन में रहने का दावा पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपित कल्याणपुर स्थित एक अस्पताल में साझेदार बन गया। इस दौरान वह करीब तीन वर्ष तक उसके साथ अस्पताल में ही लिव-इन रिलेशनशिप में रही। वर्ष 2025 में युवती के पिता ने दूसरे धर्म में शादी करने से इन्कार कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने 13 जुलाई 2025 को कीटनाशक खा लिया। इसके बाद पिता उसकी जिद के आगे शादी के लिए राजी हो गए। चचेरे और ममेरे भाइयों पर भी लगाए आरोप
युवती का आरोप है कि इसी दौरान आरोपित के चचेरे और ममेरे भाई उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे। चचेरे भाई ने उस पर साथ में मूवी देखने चलने का दबाव बनाया। पीड़िता ने इसकी शिकायत आरोपित से की, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपित ने धर्म परिवर्तन करने और मकान अपने नाम कराने की शर्त रख दी।
पंजीकृत समझौते के बाद शादी से मुकरने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने का भी आरोप है। युवती का कहना है कि पुलिस से शिकायत करने के बाद आरोपित ने शादी का भरोसा देकर लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकृत समझौता कर लिया, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया। आरोप है कि इसके बाद वह युवती के घर पहुंचा और मारपीट करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी।
एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)