मेरठ में अवैध पटाखों की बिक्री पकड़ी:कोटला बाजार में जीने के नीचे छिपाकर रखा था स्टॉक, FIR
मेरठ में अवैध आतिशबाजी के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कार्यवाही तेज कर दी है। गुरुवार शाम देहलीगेट पुलिस ने एक सूचना के बाद छापा मारकर अवैध पटाखों की बिक्री पकड़ ली। सभी थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वह इलाके में पैनी नजर बनाए रखें। जब तक शासन स्तर से आतिशबाजी को लेकर कोई दिशा निर्देश नहीं आते, तब तक किसी भी दशा में अवैध पटाखों की बिक्री ना होने दें। दरअसल, देहलीगेट पुलिस को किसी ने सूचना दी कि कोटला बाजार में बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने एक जगह पर छापा मारा। यहां चक्की के सामने जीने के नीचे काफी मात्रा में पटाखे लाकर रखे गए थे। पूछने पर पता चला कि यह पटाखे मनोज पुत्र राजेंद्र के है जो बिक्री कर रहा था। इसके बाद पुलिस मनोज को लेकर माल सहित थाने आ गई। यहां पूछताछ में मनोज ने बताया कि वह पहली बार ही दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखे लाया था। अभी बिक्री शुरु भी नहीं हुई थी कि पुलिस ने पकड़ लिया। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण व बिक्री नहीं की जा सकती है। यह गैरकानूनी मानी जाएगी। अभी तक कोई दिशा निर्देश पटाखा बिक्री को लेकर नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि मनोज के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि पुलिस की निगरानी जारी है। टीमों को सक्रिय किया गया है। मनोज के यहां से दो कार्टून और तीन प्लास्टिक बोरी अवैध आतिशबाजी एवं पटाखे पकड़े गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)