लाइब्रेरी से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला:अलीगढ़ में दहेज के केस की रंजिश में नाक-गाल काटा, दूसरे दिन एफआईआर दर्ज
महुआखेड़ा क्षेत्र में दहेज के मुकदमे की रंजिश में लाइब्रेरी से घर लौट रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी ने युवक की गर्दन पर चाकू से वार किया, लेकिन बचाव के दौरान चाकू उसके चेहरे पर लग गया। इससे उसकी नाक और गाल कट गए। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल और फिर जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले में शनिवार देर शाम थाना महुआखेड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। लाइब्रेरी से लौटते समय घेरा पीड़ित पवन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। वह तलाशपुर बंबा के पास खल स्पेलर के निकट स्थित अपनी लाइब्रेरी से घर लौट रहा था। रास्ते में अमन चौधरी अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ आ गया। आरोप है कि अमन के हाथ में बड़ा चाकू था। उसने आते ही जान से मारने की नीयत से गर्दन पर वार कर दिया। बचाव में नाक और गाल पर लगा चाकू पीड़ित ने गर्दन पर हो रहे वार से बचने की कोशिश की तो चाकू उसके चेहरे पर लग गया। इससे नाक और गाल पर गहरा घाव हो गया। वह सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर उसकी मां, भाई राहुल और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दहेज के मुकदमे को लेकर रंजिश पीड़ित के मुताबिक अमन चौधरी की बहन पूजा चौधरी उसकी भाभी थी। उसने पीड़ित और उसके परिवार के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मुकदमे को लेकर अमन उससे रंजिश मानता है। पीड़ित ने इसी रंजिश में हमला किए जाने का आरोप लगाया है। जेएन मेडिकल से डिस्चार्ज होकर पहुंचा थाने घटना के बाद पीड़ित के भाई ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां से दीनदयाल अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद डिस्चार्ज होने पर पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा। उसने अपनी और परिवार की जान को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शनिवार देर शाम तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)