कौशांबी में जंगल में मिला किशोर का शव:गर्दन और सिर पर चोट के निशान, गला दबाकर हत्या की आशंका

Nov 22, 2026 - 09:37
0
कौशांबी में जंगल में मिला किशोर का शव:गर्दन और सिर पर चोट के निशान, गला दबाकर हत्या की आशंका
कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ियामई गांव के पास रविवार सुबह जंगल में 14 वर्षीय बालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बालक शनिवार शाम से लापता था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में उसका शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। बालक की गर्दन और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। रसूलपुर मढ़ियामई निवासी छोटू (14) पुत्र स्वर्गीय रामलखन शनिवार शाम को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह गांव के कुछ ग्रामीण जंगल की तरफ गए तो उन्हें बालक का शव पड़ा मिला। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सैनी कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बालक की गर्दन पर जूते जैसे निशान और शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दिए। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दोनों बड़े भाई शादीशुदा हैं और लुधियाना में रहकर व्यापार करते हैं। छोटू अपनी मां के साथ गांव में रहता था। परिजनों के मुताबिक, उसके पिता रामलखन की करीब दो साल पहले कैंसर की बीमारी से मौत हो गई थी। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी वीर प्रताप ने बताया कि अभी घटना के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User