लखीमपुर में प्रेमी-प्रेमिका की मौत का मामला:पोस्टमॉर्टम में फंदा लगाने से मौत, लड़की का शव बेड पर मिला था

Nov 28, 2026 - 10:01
0
लखीमपुर में प्रेमी-प्रेमिका की मौत का मामला:पोस्टमॉर्टम में फंदा लगाने से मौत, लड़की का शव बेड पर मिला था
लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज पुलिस चौकी इलाके के अमीरनगर में बुधवार दोपहर एक कमरे से युवक और युवती के शव मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत की वजह फांसी बताई गई है। परिवारों के आरोपों के बाद मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। युवती की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव बेड पर रखा गया। युवक की मां ने भी बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा था। रिपोर्ट में दोनों की मौत का कारण फांसी बताया गया। युवती की मां लक्ष्मी के मुताबिक, घटना के समय उनकी बेटी घर में अकेली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक बृजेश दीवार फांदकर घर में घुसा और उनकी बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली। लक्ष्मी ने कहा कि बेटी की गर्दन पर निशान थे और उसका शव बेड पर मिला। वहीं, बृजेश का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ था। बृजेश की मां सुमन देवी ने युवती के मामा पर आरोप लगाया कि उन्होंने संपत्ति के विवाद में अन्य लोगों के साथ मिलकर पहले युवती की हत्या की। इसके बाद उनके बेटे को फोन करके बुलाया और उसकी भी हत्या कर मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश की। युवती के मामा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। बृजेश के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं कर रही है। सीओ गोला जितेंद्र परिहार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी की पुष्टि की। उनके मुताबिक, परिवार की ओर से अब तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है, इससे अपने आप यह साबित नहीं होता कि दोनों ने आत्महत्या की थी। घटना हत्या है या आत्महत्या, इसका निष्कर्ष पुलिस की विस्तृत जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User