लखनऊ के भवन स्वामियों को बड़ी राहत:ओटीएस योजना में आवेदन की तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ी

Nov 15, 2026 - 19:50
0
लखनऊ के भवन स्वामियों को बड़ी राहत:ओटीएस योजना में आवेदन की तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ी
नगर निगम लखनऊ की सीमा के भीतर रहने वाले भवन स्वामियों को बकाया कर जमा करने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। शासन ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि को एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया है। इस फैसले के बाद अब शहर के भवन स्वामी 14 दिसंबर 2026 तक इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। शासन द्वारा जारी नए आदेश के मुताबिक, पहले इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने की समयसीमा 15 अगस्त से 14 नवंबर 2026 तक तय की गई थी। भवन स्वामियों की सुविधा को देखते हुए इसे बढ़ाकर अब 14 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। आवेदन की तिथि बढ़ने के साथ ही पैसा जमा करने और मामलों के निस्तारण की समयसीमा में भी बदलाव किया गया है। अब योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार अंतिम निस्तारण करने और निर्धारित बकाया धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 कर दी गई है। इस योजना के दायरे में नगर निगम के साथ-साथ जलकल विभाग के बकाया करों को भी शामिल किया गया है। इसके तहत भवन स्वामियों को लंबित गृहकर (हाउस टैक्स) के अलावा जलकल विभाग से संबंधित बकाया जलकर, सीवर कर और जल मूल्य के मामलों में भी छूट व समाधान का सीधा लाभ मिल सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User