लखनऊ के बीएसआईपी में मनाया गया संस्थापक दिवस:वैज्ञानिकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया, भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा

Nov 14, 2026 - 19:13
0
लखनऊ के बीएसआईपी में मनाया गया संस्थापक दिवस:वैज्ञानिकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया, भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा
लखनऊ के बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान (बीएसआईपी) में शनिवार को संस्थापक दिवस-2026 मनाया गया। संस्थान के संस्थापक प्रो. बीरबल साहनी की 135वीं जयंती पर आयोजित समारोह में वैज्ञानिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान वर्ष 2025-26 में करीब 200 शोध पत्र प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित करने वाले संस्थान के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह की शुरुआत प्रो. बीरबल साहनी की समाधि पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की संयुक्त सचिव ए. धनलक्ष्मी मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग की निदेशक रेनू द्विवेदी विशिष्ट अतिथि रहीं। जीवाश्मों की पहचान में एआई करेगा मदद संस्थान के निदेशक प्रो. एमजी ठक्कर ने बताया कि संस्थान में शोध प्रकाशनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बाहरी वित्तपोषित परियोजनाओं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के सहयोग से अनुसंधान को मजबूती दी जा रही है। BRAHMA AI मिशन के जरिए जीवाश्मों की पहचान, डिजिटल प्रलेखन और पुराजलवायु मॉडलिंग में नई संभावनाएं खुलेंगी। संस्थान की शोध पत्रिका जर्नल ऑफ़ पैलेसाइंसस को सेज पब्लिकेशन्स के मंच पर लाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। पहली बार भारत में होगी अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस लखनऊ में 28 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में XXII INQUA कांग्रेस आयोजित होगी। भारतीय उपमहाद्वीप में पहली बार होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों में संस्थान सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समारोह में जोफातेलॉजी पत्रिका के विशेष अंक का विमोचन भी किया गया। मुख्य अतिथि धनलक्ष्मी ने उपयोगी और समाज की जरूरतों से जुड़े विज्ञान पर जोर दिया। रेनू द्विवेदी ने प्राचीन मानव-पर्यावरण संबंधों के अध्ययन के लिए बीएसआईपी के साथ पुरातात्विक सर्वेक्षण और संस्थागत सहयोग का प्रस्ताव रखा। कचरे से उपयोगी उत्पाद बनाने पर व्याख्यान 56वें बीरबल साहनी स्मृति व्याख्यान में प्रो. निशिथ ए. धरैया ने स्लॉथ बियर संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन्यजीव गलियारों पर चर्चा की। 68वें सर एसी सीवार्ड स्मृति व्याख्यान में प्रो. बिनीशा पयट्टाटी ने जैव-अनुकरण आधारित तकनीकों से कृषि अपशिष्ट को उपयोगी उत्पादों में बदलने के तरीके बताए। कार्यक्रम में शोध प्रकाशन, सर्वाधिक उद्धृत शोध पत्र, वैश्विक व राष्ट्रीय पहचान और उत्कृष्ट वैज्ञानिक, तकनीकी व प्रशासनिक सेवाओं के लिए बीएसआईपी वॉल ऑफ फेम पुरस्कार भी दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User