गोरखपुर में स्कूटी की चाबी निकालने पर विवाद:अधिवक्ता को कमरे में बंद कर पीटा- खींच ली शिखा, साथी वकीलों का पार्सल ऑफिस में हंगामा
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को अधिवक्ता प्रांजल दुबे के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया। आरोप है कि रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी के कर्मचारियों ने पहले उनकी स्कूटी की चाबी निकाल ली। इसके बाद हुए विवाद में उन्हें कमरे के अंदर ले जाकर पीटा गया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके पेट पर बंदूक की बट से वार किए। इतना ही नहीं, उनकी शिखा खींचकर नोच दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर जिला न्यायालय के बड़ी संख्या में अधिवक्ता रेलवे स्टेशन के पार्सल ऑफिस पहुंच गए और घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन को लेने पहुंचे थे रेलवे स्टेशन साथी अधिवक्ताओं के मुताबिक, प्रांजल दुबे जिला न्यायालय में वकालत करते हैं। सोमवार को वह अपने किसी स्वजन को लेने रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि संबंधित ट्रेन गोरखपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर आएगी। इसी वजह से वह वहां जाने के लिए स्टेशन परिसर में अपनी स्कूटी खड़ी कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद रेलवे पुलिस के कर्मचारियों ने उन्हें स्कूटी हटाने के लिए कहा। प्रांजल दुबे गाड़ी हटाने लगे और कर्मचारियों को बताया कि उन्हें दूसरे स्टेशन जाना है। इसी बीच उनकी स्कूटी की चाबी निकाल ली गई। इस बात को लेकर उनकी कर्मचारियों से बहस हो गई। कमरे में ले जाकर पेट पर बंदूक की बट से मारा अधिवक्ताओं का आरोप है कि विवाद के बाद प्रांजल दुबे का चालान किया गया और उन्हें कमरे में ले जाया गया। वहां उनके साथ मारपीट की गई। उनके साथी अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके पेट पर बंदूक की बट से कई वार किए। उनका कहना है कि प्रांजल दुबे को मौके पर भी पीटा गया। अधिवक्ताओं ने सवाल उठाया कि यदि स्कूटी खड़ी करने को लेकर कोई नियम तोड़ा गया था तो उसका चालान किया जा सकता था, लेकिन किसी व्यक्ति को कमरे में ले जाकर पीटने का अधिकार किसी को नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)