कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:हरदोई में साथी गंभीर घायल, बघौली-माधौगंज मार्ग पर हादसा
हरदोई के बघौली-माधौगंज मार्ग पर सोमवार दोपहर कार की टक्कर से बाइक सवार प्रमोद कुमार (22) की मौत हो गई, जबकि उनका 25 वर्षीय साथी अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे भेलावां पेट्रोल पंप के पास हुआ। दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माधौगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बघौली से माधौगंज जा रही कार से भिड़ी बाइक बघौली थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी के मुताबिक, शेखर सिंह पुत्र श्यामसुंदर कार चला रहे थे। वह कृष्ण नगरिया, कोतवाली शहर, हरदोई के निवासी हैं। उनकी कार बघौली से माधौगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान भेलावां पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर लगने से बाइक सवार प्रमोद और अरुण सड़क पर गिरकर घायल हो गए। एक की मौत, दूसरे का इलाज जारी सूचना पर बघौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी माधौगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद नंद किशोर के बेटे थे और करवा, लोनार, हरदोई के निवासी थे। वहीं, अरुण रामबाबू के बेटे हैं और सैदनाखेड़ा, थाना सुरसा, हरदोई के रहने वाले हैं। उनकी हालत गंभीर है और सीएचसी में इलाज चल रहा है। माधौगंज पुलिस ने प्रमोद के शव का पंचनामा भरकर आगे की प्रक्रिया शुरू की है। थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि हादसा बघौली थाना क्षेत्र में हुआ था। घायल को माधौगंज सीएचसी पहुंचाया गया था, इसलिए वहीं की पुलिस ने शव का पंचनामा भरा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)