लखनऊ में महावीर निर्वाण कल्याणक पर धार्मिक आयोजन:आशियाना जैन मंदिर में चातुर्मास का समापन; 11 नवंबर से मानस्तंभ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

Nov 09, 2026 - 20:12
0
लखनऊ में महावीर निर्वाण कल्याणक पर धार्मिक आयोजन:आशियाना जैन मंदिर में चातुर्मास का समापन; 11 नवंबर से मानस्तंभ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
लखनऊ के आशियाना दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक और कार्तिक अमावस्या पर धार्मिक आयोजन हुए। उपाध्याय 108 विहसंत सागर महाराज के सान्निध्य में चल रहे चातुर्मास का समापन भी हुआ। इस दौरान भगवान महावीर के चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। गुरुवर ने मंगल प्रवचन में बताया कि कार्तिक अमावस्या के दिन भगवान महावीर ने बिहार के पावापुरी से मोक्ष प्राप्त किया था। इसी पावन स्मृति में जैन समाज दीपावली मनाता है। इस दिन भगवान महावीर के चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित करने की परंपरा है। चातुर्मास के समापन पर साधु-संतों के निष्ठापन समारोह आयोजित किए जाते हैं। इसके बाद संत चातुर्मास काल से निवृत्त हो जाते हैं। समाज की ओर से मांगी क्षमा मंदिर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश जैन ने चातुर्मास के दौरान हुए धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पूरे चातुर्मास में जाने-अनजाने हुई गलतियों के लिए समाज की ओर से क्षमायाचना की। साथ ही गुरुवर के श्रीचरणों में भी क्षमा भाव अर्पित किया। मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि भगवान महावीर के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित करने का सौभाग्य अविनाश जैन, सावित्री जैन और आभा जैन (कृष्णानगर) को प्राप्त हुआ। 11 नवंबर से मानस्तंभ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आशियाना जैन मंदिर में 11 से 16 नवंबर तक नवनिर्मित भव्य मानस्तंभ की प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। यह महोत्सव उपाध्याय विहसंत सागर महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा। मानस्तंभ में 24 तीर्थंकरों की प्रतिमाएं विराजमान होंगी। छह दिवसीय आयोजन में लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे। समारोह में मंदिर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश जैन, अखिलेश जैन, अजय जैन, मनोज जैन, शरद जैन, नलिन राज जैन, अनूप जैन और राजू जैन सहित समाज के अन्य लोग शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User