लखनऊ में नैमिषारण्य के महत्व पर आयोजित हुई संगोष्ठी:अखिल भारतीय संस्कृत परिषद में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पक्ष बताए
लखनऊ के अलीगंज स्थित अखिल भारतीय संस्कृत परिषद के देववाणी भवन में शनिवार को नैमिषारण्य माहात्म्य विषय पर संस्कृत विद्वत्संगोष्ठी और विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता डॉ. आनन्द कुमार दीक्षित ने नैमिषारण्य के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया। डॉ. दीक्षित ने कहा कि नैमिषारण्य भारतीय सनातन संस्कृति, ज्ञान, तपस्या और आध्यात्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र रहा है। सीतापुर स्थित इस पवित्र भूमि ने भारतीय ऋषि परंपरा और ज्ञान साधना को समृद्ध किया है। यहां 88 हजार ऋषियों ने यज्ञ, तपस्या और धर्मचर्चा के माध्यम से लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया था। भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र उन्होंने कहा कि महर्षि शौनक की अध्यक्षता में हुए दीर्घकालीन यज्ञ और सूतजी द्वारा पुराणों के श्रवण की परंपरा ने नैमिषारण्य को भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया। महाभारत और विभिन्न पुराणों में भी इसकी महिमा का उल्लेख मिलता है। डॉ. दीक्षित ने बताया कि नैमिषारण्य का चक्रतीर्थ इसकी विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र से इस तीर्थ की उत्पत्ति हुई। यहां स्थित ललिता देवी मंदिर, व्यास गद्दी, सूत गद्दी, रुद्रतीर्थ, हनुमानगढ़ी और दधीचि कुंड इसकी ऐतिहासिक व धार्मिक गरिमा को दर्शाते हैं। संस्कृति संरक्षण पर चर्चा मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र ने नैमिषारण्य के वैभव का वर्णन करते हुए आशीर्वचन दिए। विशिष्ट अतिथि सीतापुर के घुमंतू जनजाति परिषद के विभाग संयोजक अजय कुमार पांडेय ने नैमिषारण्य से जुड़े विभिन्न रहस्यों और ऐतिहासिक पक्षों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी ने की। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नैमिषारण्य के विशिष्ट स्थान को रेखांकित किया। परिषद के मंत्री प्रो. प्रयाग नारायण मिश्र ने स्वागत भाषण दिया। संचालन संयुक्त मंत्री डॉ. अनिल कुमार पोरवाल ने किया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पत्रिका जैन रहीं। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के संस्कृत-प्राकृत भाषा विभागाध्यक्ष प्रो. अभिमन्यु सिंह, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. कुसुम सिंह और डॉ. विद्युदत्त पांडेय सहित 50 से अधिक विद्वान, शोधार्थी और संस्कृत प्रेमी शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)