मेरठ में 122 महिलाओं ने वॉकथॉन में हिस्सा लिया:न्यायाधीश सोनिका वर्मा ने महिलाओं के अधिकारों, कानूनी जागरूकता पर बात की
मेरठ कैंट के आरवीसी सेंटर एवं कॉलेज में Ladies’ Health Wellness Walkathon 2026 और जागरूकता कार्यक्रम हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), मेरठ और वीरीना फाउंडेशन (VIRINA Foundation) ने इसका आयोजन किया। मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ की सचिव न्यायाधीश सोनिका वर्मा ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई। FWO, RVC Centre College की चेयरपर्सन डॉ. वैशाली मदरवाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। वॉकथॉन में 122 महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के जरिए स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता, सामाजिक समानता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों के लिए संवादात्मक खेल और गतिविधियां रखी गईं। योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए योगासन प्रतियोगिता भी हुई। अच्छा प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार दिए गए। न्यायाधीश सोनिका वर्मा ने महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकारों, कानूनी जागरूकता और समाज में समान अवसरों के महत्व पर बात की। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की। वीरीना फाउंडेशन के संस्थापक धीरेन्द्र ने आयोजन में सहयोग किया। उनके सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर एक प्रदर्शनी स्टॉल लगाया गया। इसमें जेल में बंद महिलाओं के बनाए सजावटी गमले, कपड़े के थैले और अन्य उपयोगी हस्तनिर्मित वस्तुएं रखी गईं। इस पहल के जरिए महिला बंदियों के कौशल, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मविश्वास, समानता, न्याय और सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)