मेरठ में भाईदूज पर सुबह से बसों में उमड़ी भीड़:अतिरिक्त फेरे चलाने के बाद भी फुल चल रही बसें, डिपो पर पुलिस तैनात

Nov 11, 2026 - 11:53
0
मेरठ में भाईदूज पर सुबह से बसों में उमड़ी भीड़:अतिरिक्त फेरे चलाने के बाद भी फुल चल रही बसें, डिपो पर पुलिस तैनात
मेरठ में भाईदूज के त्योहार पर बुधवार को सुबह से ही रोडवेज बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बहनों से मिलने और त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए निकले। इसके चलते शहर के प्रमुख बस अड्डों पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बनी रही। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। कई रूटों पर बसें यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई रवाना हुईं। त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज की ओर से प्रमुख मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इसके बावजूद यात्रियों की भीड़ कम नहीं हुई। गाजियाबाद, शामली, हापुड़, बागपत और बिजनौर जाने वाली बसों में सबसे अधिक यात्रीभार देखने को मिला। इन रूटों पर बसें फुल होकर चल रही हैं। बस अड्डों पर बस के पहुंचते ही यात्री चढ़ने के लिए कतार में लग रहे हैं। वहीं, बस में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच जल्दी भी देखने को मिली। हालांकि नमो भारत के चलने से दिल्ली के रूट पर स्थिति सामान्य रही। भाईदूज पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बस अड्डों पर व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। पुलिसकर्मी यात्रियों की आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हैं, ताकि बसों के संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। यहां यात्रियों को बसों के रूट और उपलब्धता से संबंधित जानकारी दी जा रही है। रोडवेज की ओर से त्योहार के दौरान यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त फेरों का संचालन किया जा रहा है। हालांकि, सुबह से ही लगातार बढ़ रहे यात्रीभार के कारण प्रमुख रूटों पर दबाव बना हुआ है। दोपहर तक भी बस अड्डों पर यात्रियों की आवाजाही जारी रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User