मेरठ में ज्वेलरी पार्क बनाने की मांग उठी:GJEPC के सेमिनार में व्यापारियों ने कहा- आधुनिक सुविधाएं नहीं मिलीं तो पुराना कारोबार कमजोर होगा
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के सहयोग से गढ़ रोड स्थित स्टूडियो एक्सओ, द कैपिटल में आईआईजेएस भारत रिटेलर्स कनेक्ट सेमिनार हुआ। इसमें रत्न और आभूषण कारोबार से जुड़े लोगों ने निर्यात, सरकारी योजनाओं और मेरठ में ज्वेलरी पार्क की जरूरत पर बात की। जीजेईपीसी के रीजनल चेयरमैन (नॉर्थ) अंतरपाल सिंह साहनी ने अतिथियों और मेरठ के सर्राफा व आभूषण व्यापारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मेरठ की कारीगरी और उद्यमशीलता में वैश्विक बाजार में आगे बढ़ने की क्षमता है। जीजेईपीसी मेरठ के व्यापारियों के साथ काम करेगा। जीजेईपीसी के रीजनल डायरेक्टर (नॉर्थ) आशुतोष श्रीवास्तव ने परिषद की निर्यात संवर्धन योजनाओं और सदस्यों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। सीओए सदस्य और कन्वेनर (इवेंट्स) मनसुख कोठारी ने आईआईजेएस भारत सिग्नेचर 2027 के 19वें संस्करण और आईजीजेएमई के बारे में बताया। ये कार्यक्रम 7 से 11 जनवरी 2027 तक मुंबई में होंगे। उन्होंने मेरठ के रिटेलर्स को इनमें शामिल होने का न्योता दिया। इंडस्ट्री स्पीकर दीपक तुलसियान ने ज्वेलरी स्टोर की बिक्री मालिक पर लगातार निर्भर हुए बिना 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के तरीके पर मास्टरक्लास ली। सेमिनार में रत्न और आभूषण निर्यात में 40 प्रतिशत से अधिक वृद्धि, एमएसएमई निर्यातकों के लिए नई सरकारी राहत और ई-कॉमर्स से निर्यात की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजयआनन्द अग्रवाल ने कहा कि मेरठ में ज्वेलरी पार्क बनाने की मांग पिछले 10 साल से की जा रही है। उन्होंने कहा कि समय रहते आधुनिक सुविधाओं वाला पार्क नहीं बना, तो शहर का सैकड़ों साल पुराना ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग कारोबार कमजोर हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा पीढ़ी इस कारोबार में आने से कतरा रही है। विजयआनन्द अग्रवाल के मुताबिक, ज्वेलरी पार्क से नए निवेशक आकर्षित हो सकते हैं। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश आने के साथ आधुनिक मशीनरी, डिजाइनिंग सेंटर और निर्यात की सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)