महिला ब्लॉक-प्रोग्राम मैनेजर ने अधीक्षक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप:एटा में कार में जबरदस्ती की कोशिश; तीन डॉक्टर करेंगे जांच, केस दर्ज

Nov 24, 2026 - 17:30
0
महिला ब्लॉक-प्रोग्राम मैनेजर ने अधीक्षक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप:एटा में कार में जबरदस्ती की कोशिश; तीन डॉक्टर करेंगे जांच, केस दर्ज
एटा में अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक पर महिला ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर ने कार में जबरन छेड़छाड़ करने और गलत काम की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार सुबह 11 बजे आरोपी डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायत सामने आने के बाद अधीक्षक को पद से हटा दिया गया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने तीन डॉक्टरों की टीम बनाकर विभागीय जांच शुरू कराई है। सीएमओ का बुलावा बताकर कार में बैठाया महिला के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 3:30 बजे वह ड्यूटी खत्म होने के बाद घर जा रही थी। इसी दौरान अधीक्षक ने अपने निजी मोबाइल से फोन कर बताया कि वह एटा जा रहे हैं और सीएमओ ने बुलाया है। महिला ई-रिक्शा से बताए गए स्थान पर पहुंची और अधीक्षक की निजी कार में बैठ गई। आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद अधीक्षक ने एटा जाने का रास्ता बदल दिया और कार कुरावली रोड की ओर मोड़ दी। करीब छह-सात किलोमीटर आगे जाने के बाद वह अश्लील बातें करने लगा। सुनसान जगह पर कार रोककर छेड़छाड़ का आरोप महिला का आरोप है कि सुनसान जगह पर कार रोककर अधीक्षक ने उसके साथ जबरन छेड़छाड़ की और गलत काम करने की कोशिश की। विरोध करते हुए वह चीखने लगी और कार की खिड़की खोलकर बचने का प्रयास किया। इसके बावजूद अधीक्षक खुली खिड़की वाली कार चलाता रहा। महिला के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि दिल्ली में यह आम बात है। इसके बाद कार लॉक कर दी और कुछ देर बाद माफी मांगने लगा। विरोध करने पर नौकरी नहीं करने देने की धमकी भी दी। पति के पहुंचने पर कार से उतारा, पुलिस से की शिकायत महिला ने बताया कि एटा के गांधी मार्केट के पास उसके पति के पहुंचने के बाद अधीक्षक ने उसे कार से उतार दिया। उसने घर पहुंचकर पूरी घटना अपनी सास को बताई। शनिवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद रविवार को अलीगंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद 24 नवंबर को आरोपी डॉक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। अधीक्षक पद से हटाए गए, तीन डॉक्टर करेंगे जांच सीएमओ एटा राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अधीक्षक अलीगंज को तत्काल पद से हटा दिया गया है। उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विभागीय जांच के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User