रास्ते के विवाद में बुजुर्ग की हत्या का आरोपी गिरफ्तार:सीतापुर में डंडा बरामद, सिर पर वार कर 2 दिन पूर्व हुई थी हत्या
सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र में 22 नवम्बर को बुजुर्ग रम्मा पासी की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी कुलदीप को गढ़ी चौराहे से पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन और रास्ते के विवाद में आरोपी ने बुजुर्ग के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के खिरकीपुरवा मजरा बालपुर निवासी रम्मा पासी (70 वर्ष) गांव के दक्षिण घर के पास स्थित बाग में झोपड़ी बनाकर रहते थे। 22 नवंबर की देर शाम उनका शव बाग में झोपड़ी के बाहर खेत में मिला था। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश और विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की थी। इस दौरान सिर पर डंडे से गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया था। मृतक के पुत्र सुंदर ने सिधौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही कुलदीप पुत्र आशाराम को घटना में शामिल पाया। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजयेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक दयानंद झा, कांस्टेबल मोहम्मद आमिर और मनोज कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)