महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने वाले दो गिरफ्तार:मुकदमा निपटाने के नाम पर वसूली का आरोप

Sep 25, 2026 - 13:25
0
महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने वाले दो गिरफ्तार:मुकदमा निपटाने के नाम पर वसूली का आरोप
बरेली में सिविल लाइंस स्थित पुलिस ऑफिस के बाहर एक महिला के आत्मदाह की कोशिश के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन पर महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने और मुकदमा खत्म कराने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप है। एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीबीगंज के गोविंदपुर निवासी अब्दुल ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अब्दुल तस्लीम का निकाह सैलानी निवासी शबाना खान से हुआ था। शादी के बाद हुए विवाद में शबाना ने परिवार के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए थे। इनमें से एक मामला पारिवारिक अदालत में भी चल रहा है। अब्दुल का आरोप है कि 23 सितंबर की शाम चौकी चौराहा इलाके में उनकी मुलाकात शोएब और अमर सैनी से हुई। अमर सैनी ने दावा किया कि पुलिस और अधिकारियों में उनकी अच्छी पहचान है। उन्होंने मामला खत्म कराने की बात कही और इसके लिए 50 हजार रुपये मांगे। उस समय अब्दुल के पास छह हजार रुपये थे, जो उन्होंने दे दिए। परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी बाकी पैसों के लिए उन पर दबाव बनाया गया। इसी दौरान महिला को पुलिस ऑफिस के बाहर आत्मदाह करने के लिए उकसाने की बात भी सामने आई। अब्दुल के मुताबिक, अगले दिन महिला पुलिस ऑफिस के बाहर पहुंची। उसने अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया और उसके हाथ से डीजल की बोतल छीन ली। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद अब्दुल की शिकायत पर अमर सैनी, शोएब और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने और मुकदमा खत्म कराने के नाम पर पैसे मांगने के आरोपों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User