महोबा में पांच दिन बाद धरना खत्म:योगशाला निर्माण और विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों पर अधिकारी ने दिया आश्वासन
महोबा के कबरई नगर पंचायत परिसर में निर्माण और विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर चल रहा धरना पांचवें दिन शनिवार शाम 5 बजे खत्म हो गया। नगर पंचायत अधिकारी संजीव कुमार के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया। सभासद पिंकी वर्मा और उनके प्रतिनिधि रविचंद्र वर्मा के नेतृत्व में लोग पांच दिन से धरने पर बैठे थे। उन्होंने नगर में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया। रविचंद्र वर्मा ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि रानी लक्ष्मीबाई नगर में बन रही योगशाला के 15 पिलर घटिया निर्माण के चलते फट गए। शिकायत के बाद सभी पिलर तोड़कर मानक के अनुसार दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि ठेकेदार ने इनमें से केवल चार पिलर तोड़े। प्रदर्शनकारियों ने खड़ंजा और दीवार बनाने में घटिया ईंटों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। उन्होंने प्राचीन बघवा तालाब को दूसरे वार्ड में जोड़ने और छह महीने से उसके सुंदरीकरण का स्टीमेट शासन को नहीं भेजे जाने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि शिकायत करने पर संबंधित जेई ने विकास कार्यों में सहयोग न करने की धमकी दी। धरने में शिवानी वर्मा, संगीता वर्मा, नीरज सोनी, धीरेंद्र शुक्ला, पंकज यादव, हेमंत शिवहरे, नीरज वर्मा और प्रेम चौरसिया समेत अन्य लोग शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)