रिटायर्ड दरोगा के घर से 250 ग्राम सोना चोरी:चार महीने बाद खुलासा; साढ़े चार लाख की चोरी में रिश्तेदार गिरफ्तार
मेरठ में रिटायर्ड दरोगा के घर से 250 ग्राम सोने का बिस्कुट चोरी करने के आरोप में पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी विपिन त्यागी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी करीब चार महीने पहले हुई थी और सोने की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए थी। पुलिस का कहना है कि विपिन ने अपने साले निर्मेश त्यागी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। इसमें विपिन की पत्नी गीता त्यागी और बेटी स्नेहा त्यागी भी शामिल थीं। आरोपियों ने परिवार का भरोसा जीतकर घर में रखे सोने की जानकारी जुटाई। शिकायत के मुताबिक, 5 मई को बृजकिशोर त्यागी घर से बाहर थे। इसी दौरान सोने का बिस्कुट चोरी किया गया और उसे बेचकर रकम आपस में बांट ली गई। आरोपियों ने रिटायर्ड दरोगा के खिलाफ झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया था। अधिकारियों से शिकायत के बाद जांच में चोरी की बात सही पाई गई। जागृति विहार निवासी बृजकिशोर त्यागी, पुत्र ओमप्रकाश, यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर रह चुके हैं। उन्होंने 17 मई को मेडिकल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि घर की अलमारी में रखा करीब 250 ग्राम सोने का बिस्कुट चोरी हो गया है। शनिवार देर शाम मेडिकल थाना पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ग्राम माहरा में चौधरी शिवनाथ सिंह शांडिल्य पीजी कॉलेज के गेट के अंदर झाड़ियों में छिपाया गया 28.18 ग्राम सोने का टुकड़ा बरामद किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)