मिठाई लेकर घर लौट रहे युवक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला:रामपुर में हादसा, पीछे बैठा चचेरा भाई भी हुआ घायल
रामपुर में मिठाई लेकर घर लौट रहे बाइक सवार 19 साल के युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उसका 12 साल का चचेरा भाई भी मामूली रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे भोट थाना क्षेत्र में जिठानिया के पास हुई। मुरादाबाद और बरेली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम भोट थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव का रहने वाला विशेष (19) तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह ट्रक पर परिचालक का काम करता था। उसके पिता भी ट्रक चालक हैं। विशेष इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह पत्थरखेड़ा से मिठाई लेकर बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान जिठानिया के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया विशेष के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद और फिर बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार बाइक पर पीछे बैठे विशेष के चाचा के बेटे अंश ने बताया कि ट्रैक्टर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। उसने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया विशेष के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। अंश को भी मामूली चोटें आई हैं। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है। तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, विशेष की मां राजेश्वरी, पिता महेंद्र और दोनों सगे भाइयों लवी व राजू समेत परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)