मऊ में अब्बास अंसारी ने ओमप्रकाश राजभर पर कसा तंज:बोले- 2017 में हमारे साथ आए, सरकार नहीं बनी तो BJP में गए, फिर समझाएंगे

Nov 17, 2026 - 11:38
0
मऊ में अब्बास अंसारी ने ओमप्रकाश राजभर पर कसा तंज:बोले- 2017 में हमारे साथ आए, सरकार नहीं बनी तो BJP में गए, फिर समझाएंगे
मऊ सदर से सुभासपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतने वाले अब्बास अंसारी का एक बयान चर्चा में है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसते नजर आ रहे हैं। उन्होंने राजभर के राजनीतिक सफर और भाजपा के साथ उनके गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें फिर से अपने साथ लाने की कोशिश की जा रही है। अब्बास ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब हमारी सरकार नहीं बनी तो वह भाजपा में वापस चले गए। अब फिर उनका मूड बन रहा है कि भाजपा को छोड़कर हमारे पास आएंगे। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बोले- ओमप्रकाश चाचा को फिर से लाने की कोशिश कर रहे वीडियो में अब्बास अंसारी भोजपुरी में कहते सुनाई दे रहे हैं कि ओमप्रकाश चाचा को दोबारा अपने साथ लाने की कोशिश की जा रही है। उन्हें समझाया जा रहा है। 2017 में वह भाजपा में थे। इसके बाद भाजपा की आलोचना करते हुए हमारे साथ आ गए। जब हमारी सरकार नहीं बनी तो फिर सपा की आलोचना करते हुए वापस भाजपा में चले गए। अब उनका मन फिर से हमारे साथ आने का बन रहा है और वह दोबारा भाजपा की आलोचना करके आने वाले हैं। अब्बास के इस बयान में ओमप्रकाश राजभर के राजनीतिक गठबंधन बदलने के फैसलों पर सीधा कटाक्ष दिखाई देता है। उन्होंने राजभर के भाजपा के साथ रहने, उससे अलग होकर सपा के साथ आने और फिर एनडीए में लौटने के घटनाक्रम को अपने अंदाज में बयान किया। 2017 में भाजपा के साथ था सुभासपा का गठबंधन दरअसल, वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था। चुनाव के बाद राजभर योगी सरकार में मंत्री बने। हालांकि, बाद में भाजपा से उनका राजनीतिक टकराव बढ़ा और वर्ष 2019 में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया। इसी गठबंधन के तहत अब्बास अंसारी ने मऊ सदर सीट से सुभासपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वर्ष 2022 के चुनाव के बाद राजभर एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गए। राजनीतिक रिश्तों पर पहले भी चर्चा में रहे अब्बास अब्बास अंसारी और ओमप्रकाश राजभर के बीच राजनीतिक रिश्ते पहले भी चर्चा में रहे हैं। अब्बास भले ही सुभासपा के चुनाव चिह्न पर विधानसभा पहुंचे, लेकिन उनकी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से नजदीकी भी लगातार सामने आती रही है। वहीं, राजभर कई मौकों पर अब्बास को अपना विधायक बताते हुए उनकी सपा से नजदीकी का जिक्र कर चुके हैं। ऐसे में अब्बास का अपने कार्यकर्ताओं के बीच राजभर को फिर से अपने साथ लाने की कोशिश और उनके राजनीतिक पाला बदलने पर तंज कसना सियासी नजरिए से अहम माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User