मऊ में देवलास मेला इस बार 10 दिन तक चलेगा:24 नवंबर को देव दीपावली पर होगा समापन, पहले सात दिन लगता था

Nov 09, 2026 - 16:41
0
मऊ में देवलास मेला इस बार 10 दिन तक चलेगा:24 नवंबर को देव दीपावली पर होगा समापन, पहले सात दिन लगता था
मऊ के देवलास स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर परिसर में लगने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार मेला 10 दिन तक चलेगा। इसकी शुरुआत 14 नवंबर को होगी और 24 नवंबर को देव दीपावली पर समापन होगा। पहले यह मेला सात दिन तक लगता था। 200 साल पुरानी है मेले की परंपरा मंदिर के पुजारी दुर्गेश पांडेय के मुताबिक, देवलास में करीब 200 साल से मेले की परंपरा चली आ रही है। यहां सूर्य देव के बाल स्वरूप का प्राचीन सूर्य मंदिर और देवर्षि देवल मुनि का मंदिर है। डाला छठ से एक दिन पहले छोटी छठ पर मेले की शुरुआत होती है। श्रद्धालु सूर्य कुंड में स्नान करने के बाद सूर्य मंदिर और देवल मुनि के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होती है। मेले में मऊ के अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बिहार समेत कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार प्रतिदिन करीब दो लाख लोगों के आने का अनुमान है। कई राज्यों से आएंगे दुकानदार, लगेंगे झूले समाजसेवी और स्थानीय निवासी संतोष सिंह ने बताया कि मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कानपुर, बाराबंकी, प्रयागराज, वाराणसी, शाहजहांपुर, दिल्ली, बिहार और कोलकाता समेत कई जगहों से दुकानदार पहुंचेंगे। मेले में घरेलू जरूरतों और शादी-विवाह की खरीदारी के लिए सामान उपलब्ध रहेगा। यहां फर्नीचर, लकड़ी की चौकी और घरेलू उपयोग की चीजों की दुकानें लगती हैं। इसके अलावा झूले, चरखा, मौत का कुआं और जादूगर के कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। स्थानीय निवासी रामू प्रसाद यादव ने बताया कि श्रद्धालु सूर्य मंदिर के पास बने सूर्य कुंड में स्नान कर पूजा-पाठ करते हैं। इस बार मेले को रात 10 बजे तक चलाने की तैयारी है। 24 नवंबर को देव दीपावली पर विशेष आयोजन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User