मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा लूटने के लिए चालक की हत्या:3 आरोपी गिरफ्तार, शव गन्ने के खेत में फेंका था
मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा लूटने के लिए बदमाशों ने चालक मोहम्मद शमीम की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सवारी बनकर पहले ई-रिक्शा बुक किया और फिर चालक को सुनसान रास्ते पर ले गए। वहां उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हत्या करने के बाद शव ईख के खेत में फेंक दिया। इसके बाद ई-रिक्शा और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। जटमुझेडा के जंगल में मिले शमीम के शव के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे संधावली अंडरपास के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, जवाबी फायरिंग में दो आरोपी विकास और अनिल घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी आकाश सैनी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा, मोबाइल फोन, चाकू और दो तमंचे बरामद किए हैं। जटमुझेडा के जंगल में मिला था शव एसपी सिटी अमृत जैन के मुताबिक, 8 नवंबर को नई मंडी क्षेत्र के ग्राम जटमुझेडा के जंगल में बाकरनगर मार्ग पर ईख के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाजीपुरा सरवट निवासी मोहम्मद शमीम पुत्र बाबू के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली एसपी सिटी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस, तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। मंगलवार रात सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संधावली अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेरठ-रुड़की रोड की ओर से ई-रिक्शा पर सवार होकर आ रहे तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर तीनों ई-रिक्शा मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें विकास और अनिल घायल हो गए। तीसरे आरोपी आकाश सैनी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों आरोपी भोपा थाना क्षेत्र के रहने वाले एसपी सिटी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र सुनील, अनिल पुत्र सोमपाल और आकाश सैनी पुत्र विनोद सैनी के रूप में हुई है। तीनों भोपा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, मोहम्मद शमीम का लूटा गया ई-रिक्शा, उसका मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। ई-रिक्शा बुक कर सुनसान जगह ले जाते थे आरोपी पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने का तरीका बताया। वे किसी दूसरे स्थान पर जाने के बहाने ई-रिक्शा बुक कराते थे। इसके बाद चालक को सुनसान जंगल या अंधेरे रास्ते पर ले जाकर लूटपाट करते थे। लूटे गए ई-रिक्शा को कटवाकर उसके अलग-अलग पुर्जे और बैटरियां बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को आरोपियों ने विश्वकर्मा चौक से बाकरनगर जाने के लिए मोहम्मद शमीम का ई-रिक्शा बुक किया था। इसके बाद वे उसे जटमुझेडा और बाकरनगर जाने वाले मार्ग पर जंगल में ले गए। वहां शमीम के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी। शव ईख के खेत में फेंकने के बाद आरोपी ई-रिक्शा और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को आरोपी लूटे गए ई-रिक्शा को बेचने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)