हाथरस में घर के बाहर युवक पर बरसाईं गोलियां:जमीनी विवाद में फायरिंग, एक की मौत और दूसरा घायल

Nov 11, 2026 - 23:26
0
हाथरस में घर के बाहर युवक पर बरसाईं गोलियां:जमीनी विवाद में फायरिंग, एक की मौत और दूसरा घायल
हाथरस में बुधवार रात घर के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान युवक का एक साथी भी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने पहले हुई फायरिंग की शिकायत पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। घर के बाहर घेरकर की गई फायरिंग घटना चंदपा कोतवाली क्षेत्र के बिसाना गांव में बुधवार रात करीब आठ बजे की है। यहां 22 साल के मानवेंद्र पुत्र राजकुमार सिंह के घर के बाहर कुछ लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। फायरिंग में मानवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी समीर घायल हो गया। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। परिवार के लोगों ने इलाका पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले दूसरे पक्ष के लोगों ने मानवेंद्र पर फायरिंग की थी और उसकी घेराबंदी भी की थी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने इलाका पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि पुलिस ने पहले हुई घटना पर कार्रवाई की होती तो मानवेंद्र की जान बच सकती थी। मानवेंद्र अविवाहित था और खेती-बाड़ी करता था। घटना की जानकारी मिलने पर SP चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। पिता की भी पुलिस हिरासत में हुई थी मौत परिवार ने बताया कि मानवेंद्र के पिता राजकुमार की भी मई 2022 में पुलिस हिरासत में मौत हुई थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ लोगों ने राजकुमार पर हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। परिवार का कहना है कि राजकुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता थे। उनकी मौत के बाद तत्कालीन चंदपा कोतवाली प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। SP बोले- प्रथम दृष्टया जमीन विवाद का मामला SP चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना के पीछे जमीन का विवाद सामने आया है। मानवेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User