दिवाली के बाद भी मेरठ में जहरीली हवा का असर:AQI 262, स्मॉग की मोटी परत से सांस लेना मुश्किल

Nov 11, 2026 - 08:57
0
दिवाली के बाद भी मेरठ में जहरीली हवा का असर:AQI 262, स्मॉग की मोटी परत से सांस लेना मुश्किल
मेरठ में दिवाली के तीन दिन बाद भी हवा साफ नहीं हो पाई है। पटाखों से बढ़ा प्रदूषण अब भी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। शहर में सुबह और शाम के समय स्मॉग की मोटी परत छाई हुई है। इससे सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। मंगलवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 262 दर्ज किया गया। वहीं एनसीआर के दूसरे जिलों में भी प्रदूषण का स्तर खराब बना हुआ है। सीसीएसयू की मौसम वेधशाला के अनुसार मंगलवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में ठंडक बढ़ने और हवा की रफ्तार धीमी रहने से प्रदूषण के कण वातावरण में बने हुए हैं। मंगलवार को बागपत का एक्यूआई 281, मुजफ्फरनगर का 203 और गाजियाबाद का 243 दर्ज किया गया। हवा की गति कम होने और तापमान में गिरावट के कारण प्रदूषण के सूक्ष्म कण वातावरण में बने हुए हैं। पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषक हवा में टिके रहने से स्मॉग की स्थिति बनी हुई है। इसका असर सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है। सुबह के समय धुंध के कारण दृश्यता कम हो रही है, जिससे हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदूषित हवा में मौजूद पीएम 2.5 के बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचते हैं। इससे खांसी, गले में खराश और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं, जबकि बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर हो सकती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषण का स्तर कम होने तक सुबह और शाम खुले में व्यायाम, दौड़ने और मॉर्निंग वॉक से बचना चाहिए। घर से बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क पहनना बेहतर है। बच्चों को अधिक प्रदूषण के समय बाहर खेलने से रोकें। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या लगातार खांसी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। घर के अंदर धूल और धुएं को कम रखें। खुले में कूड़ा और सूखी पत्तियां जलाने से भी बचें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User