मुजफ्फरनगर में प्रदूषण पर रात का पहरा:दिन में खामोशी रात में धुआं छोड़ने वाली फैक्ट्रियों पर शिकंजा
मुजफ्फरनगर में अब रात के अंधेरे में प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों की खैर नहीं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ऐसी इकाइयों पर निगरानी के लिए विशेष दस्ता गठित किया है। यह टीम रोज रात 9 बजे से 12 बजे तक औद्योगिक क्षेत्रों में छापेमारी और निरीक्षण करेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित इकाइयों को सील करने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी। विशेष दस्ते ने शनिवार रात मेरठ रोड स्थित राणा ट्रेडर्स और संस इंटरप्राइजेज को सील कर दिया। इससे पहले शुक्रवार रात सुजड़ू स्थित बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज पर कार्रवाई की गई थी। दो रातों में तीन इकाइयों पर कार्रवाई के बाद विभाग ने रात्रिकालीन निगरानी को नियमित अभियान बनाने का फैसला लिया है। रात 9 से 12 बजे तक सक्रिय रहेगी टीम स्थानीय प्रदूषण अधिकारी गीतेश चंद्रा ने बताया कि विशेष दस्ते को रोजाना तीन घंटे सक्रिय रखा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी एईई रोहित कुमार और जेई राजा गुप्ता को सौंपी गई है। टीम औद्योगिक क्षेत्रों में भ्रमण कर प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों की निगरानी करेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इन औद्योगिक क्षेत्रों में होगी निगरानी अभियान के तहत भोपा रोड, जौली रोड, जानसठ रोड और मेरठ रोड पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित वहलना चौक और सुजड़ू क्षेत्र को भी निगरानी के दायरे में शामिल किया गया है। इन इलाकों में रात के समय संचालित होने वाली औद्योगिक इकाइयों की गतिविधियां जांची जाएंगी। शिकायत वाली इकाइयां रहेंगी रडार पर विभाग की प्राथमिकता उन औद्योगिक इकाइयों की पहचान करना है, जिनके खिलाफ रात में प्रदूषण फैलाने की शिकायतें मिलती रही हैं। टीम औचक निरीक्षण कर यह पता लगाएगी कि कहीं इकाइयां नियमों को ताक पर रखकर रात के समय प्रदूषण तो नहीं फैला रही हैं। उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। दो रात में तीन फैक्ट्रियों पर कार्रवाई विशेष दस्ते ने अभियान शुरू होते ही दो रातों में तीन औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की है। शुक्रवार को सुजड़ू स्थित बिस्मिल्लाह इंटरप्राइजेज और शनिवार को मेरठ रोड की राणा ट्रेडर्स व संस इंटरप्राइजेज को सील किया गया। अब विभाग रोजाना रात में निगरानी करेगा। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर कार्रवाई का दबाव बढ़ने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)