मुरादाबाद में छठ घाटों पर तैयारियां शुरू:रामगंगा किनारे सफाई, रोशनी और पानी का इंतजाम; 13 नवंबर से चार दिन का पर्व
मुरादाबाद में छठ पूजा के लिए घाटों पर सफाई, रोशनी और पानी का इंतजाम किया जा रहा है। कुछ जगहों पर अस्थायी तालाब भी बनाए जा रहे हैं। चार दिन का पर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा। 14 नवंबर को खरना होगा। 15 नवंबर को डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ व्रत का समापन होगा। रामगंगा नदी किनारे सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट घाट पर रोशनी का इंतजाम कर लिया गया है। पूजा के बाद सामग्री नदी में डालने के बजाय अलग कुंड में विसर्जित की जाएगी। इसके लिए कुंड तैयार हो चुका है। रामगंगा में पानी का स्तर भी बढ़ाया गया है। पूर्वांचल जनकल्याण संस्था के सचिव एके चतुर्वेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। लोकोशेड पुल के पास बने पक्के छठ घाट पर सफाई का काम चल रहा है। पूर्वांचलवासी संस्था के सचिव अमित दुबे ने बताया कि घाट पर पानी भरने और रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। दाऊ दयाल खन्ना नगर के आदर्श नगर में अस्थायी तालाब की खोदाई पूरी हो चुकी है। अब नगर निगम पंप लगाकर तालाब में पानी भरवाएगा। घरों में भी पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महिलाएं प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे तैयार कर रही हैं। पूर्वांचल समाज के लोग पर्व की तैयारियां समय से पूरी करने में जुटे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)