ताजमहल या तेजोमहालय, कोर्ट में सुनवाई आज:पूजा और जलाभिषेक की मांगी अनुमति, 2024 में दाखिल हुआ था वाद

Nov 12, 2026 - 12:07
0
ताजमहल को तेजोमहालय शिव मंदिर बताने से जुड़े मामले में आज 12 नवंबर को आगरा की अदालत में सुनवाई होगी। इस मामले में योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने अदालत में वाद दाखिल कर ताजमहल परिसर में हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना, सावन में जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक की अनुमति मांगी है। वहीं, मामले में सैयद इब्राहिम हुसैन जैदी की ओर से भी पक्षकार बनने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है। ऐसे में आज की सुनवाई में अदालत का रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2024 में दाखिल किया था मुकदमा कुंवर अजय तोमर ने 23 जुलाई 2024 को आगरा की अदालत में दीवानी वाद दाखिल किया था। वादी पक्ष का दावा है कि ताजमहल का निर्माण जिस स्थान पर हुआ है, वहां पहले तेजोमहालय नाम का शिव मंदिर था। इसी आधार पर अदालत से ताजमहल परिसर में पूजा-पाठ और हिंदू धार्मिक अनुष्ठान करने की अनुमति मांगी गई है। हालांकि, तेजोमहालय होने का दावा विवादित है। इस पर अभी अदालत का कोई अंतिम फैसला नहीं आया है। कौन है वादी और कौन प्रतिवादी इस मामले में कुंवर अजय तोमर वादी हैं। उन्होंने अपनी याचिका में भारतीय संघ और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीक्षण पुरातत्वविद को प्रतिवादी बनाया है। वहीं, सैयद इब्राहिम हुसैन जैदी ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमे में पक्षकार बनने की मांग की है। उनकी ओर से ताजमहल को वक्फ संपत्ति बताने संबंधी पक्ष रखा गया है। उनकी अर्जी पर भी मुकदमे में सुनवाई महत्वपूर्ण है। पिछली सुनवाई में क्या हुआ था पिछली सुनवाई में सैयद इब्राहिम हुसैन जैदी की ओर से उनके अधिवक्ता अदालत में उपस्थित नहीं हुए थे। इसके बाद अदालत ने उन्हें अपना पक्ष रखने का एक और अवसर दिया था। इसी क्रम में अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 12 नवंबर 2026 की तारीख तय की थी। अब आज होने वाली सुनवाई में पक्षकार बनने की अर्जी और मामले से जुड़े कानूनी पहलुओं पर आगे की कार्यवाही होनी है। 27 मस्जिदों और मजारों को लेकर भी दाखिल कर चुके हैं वाद कुंवर अजय तोमर आगरा में कथित अवैध धार्मिक निर्माणों के मुद्दे पर भी सक्रिय रहे हैं। उनका दावा है कि उन्होंने शहर की 27 मस्जिदों और मजारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अदालत में वाद दाखिल किया है। इसके अलावा वह धर्मांतरण और अन्य सामाजिक-धार्मिक मुद्दों को लेकर भी मुखर रहे हैं। फिलहाल ताजमहल-तेजोमहालय विवाद में आज होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें रहेंगी। देखना होगा कि अदालत पक्षकार बनने की अर्जी और मामले की आगे की सुनवाई को लेकर क्या दिशा तय करती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User