नहीं खत्म हो रहा भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं का इंतजार:सभी मोर्चों की सूची आ रही; भाजयुमो के लिए केवल आश्वासन
भाजपा के मुख्य संगठन के बाद सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की सूची कब आएगी, इसका स्पष्ट जवाब किसी के पास नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हुए काफी दिन बीत चुके हैं लेकिन प्रदेश, क्षेत्र, जिला टीम में काम करने के इच्छुक युवाओं का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। भाजपा के प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला संगठन के पदाधिकारियों के यहां युवा नेता चक्कर लगा रहे हैं, उन्हें उम्मीद है कि कोई पद जरूर मिलेगा लेकिन इस चुनावी साल में उनकी उम्मीदें अभी तक परवान नहीं चढ़ सकी हैं। युवा नेताओं के लिए युवा मोर्चा, राजनीति में सक्रिय इंट्री का बेहतर लांचिंग पैड माना जाता है। प्रदेश अध्यक्ष बने तो माननीय बनने की राह भी आसान हो जाती है। प्रदेश, क्षेत्र या जिले में किसी महत्वपूर्ण पद पर काम कर लिया तो मुख्य संगठन में जगह मिलने के अवसर भी बढ़ जाते हैं। इस बार क्षेत्रीय और जिला टीमों में इसके उदाहरण देखे भी जा रहे हैं। यही कारण है कि युवा नेता लगातार भाजपा कार्यालयों और नेताओं के चक्कर लगा रहे हैं। सांसद, विधायकों पर भी दबाव सांसद एवं विधायकों के यहां नजर आने वाले युवा नेता भी पदद पाने की आस लगाए बैठे हैं। लगभग हर सांसद व विधायक के यहां से पैरवी पार्टी हाईकमान तक पहुंच रही है। मुलाकात होने पर इन जनप्रतिनिधियों के पास आश्वासन के अलावा कोई ठोस जवाब अपने युवा समर्थकों के लिए नहीं है। हालांकि युवा नेता इनकी बदौलत पद पाने के जुगाड़ में लगे हैं। सबसे मुश्किल वक्त विधायकों के लिए है। विधानसभा चुनाव नजदीक है और उनसे सिफारिश लगवाने वालों की संख्या भी अधिक है। चुनाव में युवा कार्यकर्ताओं की जरूरत भी उन्हें ही पड़ने वाली है। ऐसे में उनके लिए जवाब दे पाना मुश्किल हो रहा है। एडजस्ट करने के चक्कर में लटक रही सूची एक भाजपा नेता ने बताया कि पूरे प्रदेश में युवा नेताओं में पद पाने ही होड़ मची है। सभी अपने स्तर पर जोर लगा चुके हैं। पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी नजर आ रही है। बढ़-चढ़कर जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं लेकिन उनका इंतजार खत्म नहीं हो पा रहा है। बड़े नेताओं के सामने यह समस्या है कि किस तरह इन युवा नेताओं को एडजस्ट किया जाए। एक पूर्व पदाधिकारी ने बताया कि इस बार पहले ही जातीय मोर्चों की घोषणा भी कर दी गई है। ऐसे में जिन्हें भाजयुमो में जगह नहीं मिलेगी, उनके लिए कोई विकल्प नहीं बचेगा। वरिष्ठ पत्रकार डीबीबी मिश्र बताते हैं कि जातिगत मोर्चों की सूची जारी कर लोगों को उसमें समायोजित किया जा रहा है। अब जो नेता इन सूचियों में जगह पा जाएंगे, उनकी दावेदारी युवा मोर्चे में स्वत: समाप्त हो जाएगी। लेकिन इसके बाद भी बड़ी संख्या में ऐसे युवा नेता हैं, जिन्होंने जातिगत मोर्चों के प्रस्ताव ठुकरा दिए हैं। अब विधानसभा चुनाव तक युवा मोर्चे की सूची यदि लटकी भी रहे तो कोई आश्चर्य नहीं है। गोरखपुर जिला किसान मोर्चा की सूची भी अटकी भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश, क्षेत्र एवं गोरखपुर महानगर की सूची जारी हो चुकी है लेकिन गोरखपुर जिले की सूची अभी तक अटकी पड़ी है। यहां जिलाध्यक्ष पद को लेकर खूब जोर आजमाइश चल रही है। सूत्रों की मानें तो भाजपा की जिला इकाई, जिलाध्यक्ष के लिए तीन नामों का विकल्प पहले ही भेज चुकी है लेकिन इन नामों पर फैसला नहीं हो पा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)