नीले ड्रम वाली मुस्कान की बेटी का आज फर्स्ट बर्थडे:मेरठ जेल में काटा जाएगा केक, जेल मैनुअल के मुताबिक होगा सेलिब्रेशन
मेरठ में चर्चित सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान की बेटी राधा उर्फ मन्नत आज 1 साल की हो गई है। 24 नवंबर 2025 को शाम 6:50 बजे मुस्कान ने मेरठ मेडिकल कॉलेज के गायनी वार्ड में बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के बाद से ही बच्ची अपनी मां के साथ जेल में रह रही है। मुस्कान की बेटी का पहला जन्मदिन मंगलवार को मेरठ जिला जेल में मनाया जाएगा। जेल प्रशासन ने इसकी तैयारी की है। जेल मैनुअल के मुताबिक बच्ची के लिए मिठाई, नए कपड़े और खिलौनों का इंतजाम किया जाएगा। जेल मैनुअल के अनुसार होगा जन्मदिन का आयोजन मेरठ जिला जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों का जन्मदिन जेल मैनुअल के अनुसार मनाया जाता है। इस दौरान बच्चों के लिए मिठाई, कपड़े और खिलौनों की व्यवस्था की जाती है। इसी नियम के तहत मुस्कान की बेटी का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। पति सौरभ और बेटी मन्नत का जन्मदिन एक ही तारीख को इस मामले में खास बात यह है कि मुस्कान जिस पति सौरभ की हत्या के मामले में जेल में बंद है, उसका जन्मदिन भी 24 नवंबर को ही आता है। मुस्कान की दूसरी बेटी मन्नत के पिता के रूप में उसके प्रेमी साहिल का नाम सामने आया था। वहीं, सौरभ की पहली बेटी पीहू गिरफ्तारी के बाद से अपने दादा-दादी के साथ रह रही है। पुलिस सुरक्षा में हुई थी डिलीवरी मुस्कान ने 24 नवंबर 2025 को मेरठ मेडिकल कॉलेज में बच्ची को जन्म दिया था। डॉक्टरों ने डिलीवरी के लिए 28 नवंबर की तारीख दी थी, लेकिन उससे चार दिन पहले ही बच्ची का जन्म हो गया। उस समय अस्पताल में मुस्कान के परिवार से कोई नहीं पहुंचा था। उसकी सुरक्षा में जेल पुलिस और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहे। मेडिकल कॉलेज के 10 डॉक्टरों की टीम ने डिलीवरी कराई थी। टीम का नेतृत्व महिला एवं प्रसूति रोग विभाग की एचओडी डॉ. शगुन ने किया था। करीब 30 घंटे बाद मुस्कान को लेबर रूम से वार्ड में शिफ्ट किया गया था। सुरक्षा के लिहाज से उसे अलग प्राइवेट वार्ड में रखा गया था। सौरभ के परिवार ने बच्ची को गोद लेने से किया इनकार सौरभ का परिवार पहले बच्ची का डीएनए टेस्ट कराने के बाद उसे गोद लेने के लिए तैयार था। हालांकि, 14 अक्टूबर 2026 को मेरठ जिला अदालत से मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद परिवार ने बच्ची को अपनाने से इनकार कर दिया। सौरभ की मां रेणू देवी का कहना है कि बच्ची सौरभ की नहीं, बल्कि साहिल की है। इसलिए वे उसे नहीं रखना चाहते और न ही डीएनए टेस्ट कराएंगे।
परिवार नहीं कर रहा मुस्कान से संपर्क सौरभ हत्याकांड में आरोपी मुस्कान 19 मार्च 2025 से मेरठ जिला जेल में बंद है। उसका प्रेमी साहिल भी इसी जेल में बंद है। जेल में साहिल खेती का काम कर रहा है। उससे मिलने उसकी नानी और भाई आते हैं, जबकि मुस्कान से अब तक परिवार का कोई सदस्य मिलने नहीं पहुंचा है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, मुस्कान के परिजन न तो डिलीवरी के समय अस्पताल पहुंचे थे और न ही उन्होंने जेल प्रशासन से संपर्क किया है। ऐसे में बच्ची की दवाओं, कपड़ों और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था जेल प्रशासन ही कर रहा है। जेल में बच्ची को मिलेंगी जरूरी सुविधाएं यूपी जेल मैनुअल के तहत 6 साल तक के बच्चे अपनी मां के साथ जेल में रह सकते हैं। जेल में उनके खेलने की व्यवस्था होती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुफ्त टीकाकरण कराया जाता है। जरूरत पड़ने पर इलाज और दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा बच्चे का आंगनबाड़ी में पंजीकरण कराकर पढ़ाई की व्यवस्था भी की जाती है। ज्योतिषी ने बताया बच्ची का भविष्य मेरठ के ज्योतिषी राहुल अग्रवाल ने बच्ची की कुंडली बनाई है। उनका दावा है कि बच्ची आत्मविश्वासी और साहसी होगी। उन्होंने बताया कि बच्ची का जन्म धनु राशि और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के चौथे चरण में हुआ है। उनके मुताबिक, नक्षत्र के हिसाब से बच्ची के नाम का पहला अक्षर 'ढ' निकलता है। धनु राशि के अनुसार यशिका जैसे नाम भी रखे जा सकते हैं। राहुल अग्रवाल ने बच्ची के लिए शिक्षा, संगीत, फैशन, पत्रकारिता और प्रशासनिक क्षेत्र में अच्छी संभावनाएं बताई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)