डबल मर्डर नहीं, पंखे से गई थी पति-पत्नी की जान:मेडिको लीगल रिपोर्ट में आशंका, झांसी में 85 दिन पहले बंद घर में मिले थे शव
झांसी में 29 अगस्त की रात बंद घर के अंदर विश्वनाथ पाल (70) और उनकी पत्नी भुवन देवी (65) के शव मिले थे। इसे डबल मर्डर मानकर पुलिस जांच कर रही थी। लेकिन ये डबल मर्डर नहीं था, बल्कि एक हादसा था। दोनों की मौत छत से गिरे पंखे की चपेट में आने से लगी चोटों की वजह से हुई थी। यह आशंका लखनऊ शाखा की राज्य मेडिको लीगल की रिपोर्ट में जताई गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने केस को सुलझाने का दावा किया है। टीम ने दो दिन पहले एसएसपी विकास कुमार को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। 85 दिन से पुलिस इस केस में उलझी हुई थी। अब राहत की सास ली है। पूरा मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी कॉलोनी का है। लखनऊ से आई थी टीम पुलिस पिछले 85 दिन से बुजुर्ग दंपती की मौत की गुत्थी सुलझाने में उलझी थी। खुलासे के लिए पुलिस अब तक 150 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। लेकिन उसके हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं आया। पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएशन कराने की भी योजना बनाई थी। लेकिन प्रत्यक्षदर्शी न मिलने से यह नहीं हो सका। इसके बाद मेडिको लीगल विशेषज्ञों की मदद लेने का फैसला हुआ। एसएसपी ने मेडिको लीगल ओपिनियन लेने के लिए लखनऊ शाखा में पत्राचार किया। तब 20 अक्टूबर को लखनऊ से आई वैज्ञानिकों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। घटनास्थल के फोटो और वीडियो देखे। इसमें शवों के पास एक पंखा पड़ा नजर आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी खंगाली थी। पंखा से चोट लगने की आशंका एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया जांच पड़ताल के बाद टीम ने मेडिको लीगल ओपिनियन दी। इसमें आशंका जताई कि कमरा में एग्जॉस्ट फैन लगा हुआ था। उसके ब्लेड गिरने के कारण आई चोटों से बुजुर्ग दंपती की मौत हुई हो। फिर भी पुलिस को यदि कोई विपरीत साक्ष्य मिलता है तो पुलिस उस पर जांच कर सकती है। लेकिन अभी तक की विवेचना से कोई अन्य विपरीत साक्ष्य पुलिस को प्राप्त नहीं हुए और न ही फोर्स्ड एंट्री का कोई सबूत घटनास्थल से प्राप्त हुआ है। इस प्रकरण में प्राप्त मेडिको लीगल ओपिनियन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिन पर था शक, जांच में नहीं मिली उनकी भूमिका 30 अगस्त को गोविंदपुरी स्थित बंद मकान में बुजुर्ग दंपती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। दोनों के शव कई दिन पुराने थे। शुरुआत में पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की थी। मकान में रहने वाले किरायेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की गई, लेकिन जांच में उसकी भूमिका सामने नहीं आई। पुलिस ने मोहल्ले और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। इसमें कुछ लोग दंपती के दरवाजे पर दस्तक देते दिखाई दिए थे, लेकिन वे घर के अंदर गए बिना ही लौट गए। दंपती के करीबी परिजनों समेत जिन लोगों पर शुरुआत में शक था, उनकी भूमिका भी जांच में सामने नहीं आई। लंबी पूछताछ के बावजूद पुलिस को अहम सुराग नहीं मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के सिर पर मिली थीं गंभीर चोट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विश्वनाथ पाल के सिर में तीन और भुवन देवी के सिर में दो गहरे घाव मिले थे। विश्वनाथ के बाई भौंह के पास सात गुणे दो सेंटीमीटर का घाव था। उसका जबड़ा एवं दांत टूटा हुआ था वहीं, भुवन देवी के सिर में दो गहरे घाव मिले। दाई भौंह के ऊपर और माथे के दाईं तरफ चोट थी। उसका भी जबड़ा टूटा हुाअ था। सभी चोट मौत से पहले की थीं। डॉक्टरों ने सिर में आई गंभीर चोटों को मौत की वजह बताया था। चोटों का स्वरूप किसी वजनी वस्तु से प्रहार के अनुरूप बताया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट किस वस्तु से और किस परिस्थिति में लगीं, यह साफ नहीं हो सका था। 2 किमी दूर रहता है बेटा विश्वनाथ पाल (70) और उनकी पत्नी भुवन देवी (65) टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के पुराबगरौनी गांव के रहने वाले थे। उनके एक बेटा जगपाल और दो बेटियां फूला और गीता हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। बेटे जगपाल ने बताया, 'पिता ने 2014 में गांव की 15 बीघा जमीन सवा 9 लाख रुपए में बेची थी। इससे गोविंदपुरी कॉलोनी में प्लॉट खरीदा था। 2019 में मकान बनवाकर माता-पिता यहां शिफ्ट हो गए थे। मैं अपनी पत्नी कांति देवी और दो बच्चों के साथ करीब 2 किमी दूर पुराने घर में रहता हूं। कभी-कभार माता-पिता से मिलने आता था। नए मकान में नीचे तीन कमरे और ऊपर दो कमरे हैं। नीचे का एक कमरा सतेंद्र नाम के युवक ने किराए पर लिया था। वह बस कंडक्टर है और 2-4 दिन में कमरे पर आता था। माता-पिता के साथ ही खाना खाता था। 29 अगस्त को जगपाल पिता के घर पहुंचा तो दोनों की कमरे के अंदर लाश पड़ी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)