शिक्षकों देर रात तक चले प्रदर्शन के बाद बड़ा फैसला:गोंडा में अब 26 नवंबर को जारी होगी जूनियर परिषदीय शिक्षकों की वरिष्ठता अंतिम सूची
गोंडा जिले के परिषदीय जूनियर बेसिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों की पदोन्नति व समायोजन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पूर्व में लगभग 3 हजार शिक्षकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी की गई थी। जिसे लेकर सोमवार 23 नवंबर देर रात 11:00 बजे तक बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों का धरना चला। धरना और विरोध के बाद अब बीएसए गोंडा द्वारा पुनः 26 नवंबर को शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी। इसे लेकर सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक पत्र जारी किया गया जो आज मंगलवार सुबह 8:30 बजे सामने आया है। इससे पहले विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष अनूप सिंह ने एडी बेसिक शिक्षा रामसागर पति त्रिपाठी को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि वरिष्ठता सूची जारी करते समय कोर्ट के कई आदेशों की अवहेलना की गई है। इसके बाद एडी बेसिक ने गोंडा बीएसए को पुनः जांच कर वरिष्ठता सूची जारी करने के निर्देश दिए।एडी बेसिक, देवीपाटन मंडल द्वारा दिए गए निर्देश के बाद अब रिक्त पदों के सापेक्ष काउंसलिंग की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। गोंडा बीएसए अमित कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को सहायक अध्यापकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित की गई थी। अब खंड शिक्षा अधिकारियों से संशोधन के बाद प्राप्त सूची के आधार पर 26 नवंबर 2026 को अंतिम वरिष्ठता सूची और रिक्तियों का प्रकाशन किया जाएगा। आदेश के मुताबिक, पात्रता सूची में शामिल अर्ह (योग्य) अध्यापक-अध्यापिकाओं की काउंसलिंग 28 नवंबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 के मध्य कराई जाएगी। गोंडा बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि पहली सूची में कुछ त्रुटियां थीं, इसलिए खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से दूसरी संशोधित सूची मांगी गई है। जल्द ही इसे भी जारी कर दिया जाएगा। किसी भी अध्यापक के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। वरिष्ठता सूची जारी करने के बाद उपलब्ध पदों के हिसाब से अध्यापकों की काउंसलिंग की जाएगी। वहीं, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष अनूप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि हमारी मांगों की अनदेखी की गई तो हम हाईकोर्ट जाएंगे, क्योंकि कई शिक्षकों के साथ गलत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठना पड़ रहा है; रात में दिए गए धरने के बाद ही यह नया आदेश जारी किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)