नोएडा जिला अस्पताल में सीएमएस का एक्शन:इमरजेंसी मेडिकल आफिसर समेत तीन को नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब, मरीजों से दुर्व्यवहार का मामला

Nov 24, 2026 - 10:03
0
नोएडा जिला अस्पताल में सीएमएस का एक्शन:इमरजेंसी मेडिकल आफिसर समेत तीन को नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब, मरीजों से दुर्व्यवहार का मामला
सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार और इलाज में लापरवाही के मामलों पर अस्पताल प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इमरजेंसी में मरीजों से सही तरीके से बात नहीं करने और समय पर उनकी परेशानी नहीं सुनने की शिकायतों के बीच सीएमएस ने एक इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीन दिन में इसका जवाब देना होगा। वहीं, ओपीडी के बाहर गाड़ी खड़ी करने से रोकने पर गार्ड से अभद्रता करने वाले प्लास्टर टेक्नीशियन से भी जवाब मांगा गया है। इसके अलावा एक अन्य स्टॉफ को चेतावनी जारी की है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि अस्पताल में मरीज इलाज और मदद की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में स्टाफ का व्यवहार अच्छा होना जरूरी है। खासकर इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार के साथ संवेदनशील व्यवहार की जरूरत होती है। इसके बावजूद इमरजेंसी में तैनात कुछ कर्मचारी मरीजों से ठीक तरीके से बात नहीं करते। मरीजों की परेशानी सुनने और उनकी मेडिकल हिस्ट्री जानने में भी लापरवाही बरती जाती है। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित ईएमओ को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। ओपीडी गेट पर खड़ी की गाड़ी दूसरी घटना में ओपीडी के बाहर एक स्टाफ ने अपनी गाड़ी खड़ी कर दी थी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। ड्यूटी पर मौजूद गार्ड ने जब गाड़ी हटाने के लिए कहा तो प्लास्टर टेक्नीशियन उससे ही अभद्रता करने लगा। इस मामले में भी सीएमएस ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। गलती दोहराने पर होगा सख्त एक्शन इसके अलावा इमरजेंसी के बाहर गाड़ी खड़ी करने वाले एक अन्य स्टाफ को चेतावनी पत्र दिया गया है। सीएमएस ने सभी संबंधित कर्मचारियों को भविष्य में इस तरह की गलती नहीं दोहराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा और बेहतर व्यवहार प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी और मरीजों के साथ गलत व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User