पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर 3 लोगों को बुलाया:ललितपुर में रातभर बंधक बनाकर पीटा, बाइक और मोबाइल छीने
ललितपुर में पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर तीन लोगों को बुलाया गया। आरोप है कि उन्हें रातभर बंधक बनाकर पीटा गया और उनकी बाइक और मोबाइल छीन लिए गए। पुलिस ने 5 नवंबर की शाम 5 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। कोतवाली सदर के चांदमारी मोहल्ले में रहने वाले रामराजा निरंजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे उनके छोटे भाई पीयूष पटेल को महफूज खान का फोन आया। महफूज ने कहा कि उसकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया है और बाइक लेकर चांदमारी आने को कहा। रामराजा अपने चचेरे भाई पीयूष और दोस्त कृष्णकांत तिवारी के साथ बाइक लेकर वहां पहुंचे। कृष्णकांत मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के खिरिया नाका गांव के रहने वाले हैं। वहां महफूज के साथ अमित राजपूत उर्फ अम्मू, अखिलेश उर्फ अक्कू, कृष्णा यादव उर्फ केपी और शिवम यादव उर्फ चिल्ली भी मौजूद थे। रामराजा के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज कर तीनों के साथ मारपीट की और उनकी बाइकें ले गए। आरोपियों ने रामराजा और पीयूष के मोबाइल भी छीन लिए। इसके बाद तीनों को दांवनी-बुढ़वार रोड पर नहर के पास एक खेत में ले जाया गया। रामराजा ने बताया कि वहां रातभर उन्हें, पीयूष और कृष्णकांत को लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा गया। आरोप है कि पीयूष के मोबाइल से गलत वीडियो बनाकर पैसे मांगे गए। सुबह करीब 4 बजे आरोपियों ने धमकी देकर तीनों को छोड़ दिया। आरोपियों ने कहा कि पुलिस में शिकायत करने पर वे ललितपुर में नहीं रह पाएंगे और गैंग के सदस्य उन्हें घर से उठाकर मार देंगे। रामराजा के मुताबिक, उनकी एक बाइक आरोपियों ने अपने पास रख ली। रामराजा निरंजन थाना जाखलौन के पड़ोरिया गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल कोतवाली सदर के चांदमारी मोहल्ले में रहते हैं। पुलिस ने महफूज खान, अमित राजपूत, अखिलेश, कृष्णा यादव और शिवम यादव के खिलाफ FIR दर्ज की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)