प्रदेश की 25,500 मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी:रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए 320 करोड़ का बजट, डीएम स्तर पर सत्यापन
उत्तर प्रदेश की मेधावी और उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही बेटियों को 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' के तहत दिसंबर में स्कूटी का तोहफा मिल सकता है। प्रदेश सरकार की इस योजना के अंतर्गत करीब 25,500 स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज से पात्र छात्राओं के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब जिलाधिकारी स्तर पर इनका सत्यापन किया जा रहा है। स्कूटी का वितरण मंडल स्तर पर समारोह आयोजित कर किया जा सकता है। उच्च शिक्षा निदेशालय के अनुसार राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की स्नातक उत्तीर्ण टॉप 5 छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से 320 करोड़ रुपये का टेंडर पहले ही किया जा चुका है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के कॉलेज और विश्वविद्यालय तक आवागमन को सुगम बनाना, उच्च शिक्षा में ड्रॉप-आउट दर को कम करना और उनमें आत्मविश्वास व आत्मनिर्भरता जगाना है। दिव्यांग और शहीद की बेटियों को 10 प्रतिशत की छूट राज्य व निजी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में से शीर्ष (टॉप) 5 मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। इसके अलावा सामान्य मेधावी छात्राओं के लिए निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत कम अंक पाने वाली शहीद परिवारों की मेधावी बेटियां, दिव्यांग छात्राएं और निराश्रित छात्राएं भी इसके लिए पात्र होंगी। योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो। उच्च शिक्षा निदेशालय स्तर से डाटा फीडिंग का कार्य पूरा होने के बाद अब सत्यापन चल रही है। 4 लीटर पेट्रोल और हेलमेट भी देंगे उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी की खरीद का टेंडर किया गया है। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और सर्विसिंग की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल मॉडल चुने गए हैं। जो स्कूटी दी जाएगी, उसका पंजीकरण और पांच साल का बीमा प्रदेश सरकार की ओर से कराया जाएगा। साथ में एक आईएसआई मार्का हेलमेट और 4 लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। सभी जिले में वेंडर की ओर से सर्विस सेंटर व शिकायत निवारण पोर्टल की स्थापना की जाएगी। डीएम की मुहर के बाद मंडल स्तर पर होगा वितरण
चयनित छात्राओं की सूची एनआईसी (NIC) पोर्टल के माध्यम से संबंधित जिलाधिकारियों को भेजी गई है। जहां वर्तमान में इनका भौतिक व दस्तावेजी सत्यापन कराया जा रहा है। डीएम की ओर से सत्यापन रिपोर्ट मिलते ही वितरण की अंतिम तिथि तय कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से योजना का शुभारंभ किए जाने के बाद दिसंबर माह में मंडल स्तर पर विशेष समारोह आयोजित कर छात्राओं को स्कूटी सौंपी जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)