प्रतापगढ़ में साइबर ठगी के लिए खाते देने वाले गिरफ्तार:63 बैंक खातों का विवरण मिला, 24 QR कोड स्कैन पैड और 5 मोबाइल बरामद
प्रतापगढ़ के जेठवारा में पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 63 बैंक खातों का विवरण मिला है। पुलिस ने 24 QR कोड स्कैन पैड, बैंक पासबुक, चेकबुक, ATM कार्ड और पांच मोबाइल फोन समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं। मंगलवार दोपहर करीब चार बजे पुलिस ने मामले का खुलासा किया। दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाते थे खाते और सिम जेठवारा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हुआ था। उसने कुछ महीने पहले पुलिस से शिकायत की थी। इसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे गिरोह की जानकारी मिली, जो दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य बैंकिंग से जुड़ी जानकारी, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों व ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल चलाने वालों को उपलब्ध कराते थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से मिली रकम के लेन-देन में किया जाता था। आरोपियों के पास मिले रजिस्टर में 63 बैंक खातों का विवरण दर्ज था। समन्वय पोर्टल पर जांच के दौरान इनमें से कुछ खातों के खिलाफ दूसरे राज्यों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें भी मिलीं। पुलिस को गिरोह का नेटवर्क दूसरे राज्यों तक फैला होने की आशंका है। QR कोड स्कैन पैड और बैंकिंग दस्तावेज बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 QR कोड स्कैन पैड, आठ बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, आठ आधार कार्ड और उनकी छायाप्रतियां, एक आधार अपडेट फॉर्म, तीन पैन कार्ड, सात खाली सिम लिफाफे, दो सिम सहित लिफाफे, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबंधित एक ATM कार्ड पत्र, तीन ATM कार्ड, एक रजिस्टर और पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ के अंकित पटेल (29), बलिया के रिशांक शेखर सिंह (35), छत्तीसगढ़ के सागर (30) और प्रतापगढ़ के अंकुश वर्मा (29) के रूप में हुई है। पुलिस अब बरामद बैंक खातों, सिम कार्ड और दस्तावेजों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)