प्रयागराज जोन में 60 इंस्पेक्टरों के तबादले:चुनाव से पहले प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी में तैनात निरीक्षक इधर से उधर
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर फेरबदल शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन में प्रयागराज जोन के तीन जिलों प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी में तैनात 60 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) का तबादला कर दिया गया है। इन सभी को तत्काल प्रभाव से एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है। तबादला सूची में प्रतापगढ़ से फतेहपुर और कौशांबी, फतेहपुर से प्रतापगढ़ और कौशांबी तथा कौशांबी से प्रतापगढ़ और फतेहपुर भेजे गए निरीक्षक शामिल हैं। एडीजी स्थापना के पत्र के आधार पर कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना उत्तर प्रदेश के पत्र के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन की ओर से 30 अक्तूबर को आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद तीनों जिलों में तैनात निरीक्षकों की सूची तैयार कर उनका स्थानांतरण किया गया है। चुनाव आयोग के यह हैं निर्देश दरअसल, आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को देखते हुए ऐसे पुलिस निरीक्षकों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्होंने निर्धारित अवधि तक एक ही जिले या विधानसभा क्षेत्र में तैनाती पूरी कर ली है। आदेश में 31 मई 2027 को आधार मानते हुए उन निरीक्षकों को स्थानांतरित करने की बात कही गई है, जो पिछले चार वर्षों में तीन वर्ष की निर्धारित अवधि पूरी कर चुके होंगे। इसमें ऐसे निरीक्षक भी शामिल हैं, जो 31 मई 2027 से पहले संबंधित विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र में चुनावी ड्यूटी के दौरान तैनात रहे हैं या लगातार तैनाती में रहे हैं। प्रतापगढ़ से सबसे ज्यादा 15 निरीक्षक फतेहपुर भेजे गए जारी सूची के मुताबिक प्रतापगढ़ में तैनात 21 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इनमें 15 को फतेहपुर और छह को कौशांबी भेजा गया है। इसी तरह फतेहपुर में तैनात 25 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें 21 निरीक्षकों को प्रतापगढ़ और चार को कौशांबी में नई तैनाती दी गई है। वहीं, कौशांबी में तैनात 14 निरीक्षकों का भी स्थानांतरण किया गया है। इनमें सात को प्रतापगढ़ और सात को फतेहपुर भेजा गया है। इस तरह तीनों जिलों से कुल 60 निरीक्षकों को हटाकर दूसरे जिलों में तैनाती दी गई है। नई तैनाती वाले जिले में संभालनी होगी जिम्मेदारी इस फेरबदल को विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव आयोग की मंशा है कि चुनाव के दौरान किसी पुलिस अधिकारी की लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में तैनाती न रहे। इससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर किसी तरह के प्रभाव की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी। तबादलों का जिला-वार विवरण
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)