प्रयागराज में गट-ब्रेन एक्सिस पर वैज्ञानिकों ने की चर्चा:एमिटी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. राजेश तोमर बोले- आंतों का संतुलन मानसिक स्वास्थ्य का आधार

Nov 15, 2026 - 21:29
0
प्रयागराज में गट-ब्रेन एक्सिस पर वैज्ञानिकों ने की चर्चा:एमिटी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. राजेश तोमर बोले- आंतों का संतुलन मानसिक स्वास्थ्य का आधार
प्रयागराज में इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे दिन युवा वैज्ञानिकों ने अपने शोध पेश किए। पोस्टर प्रदर्शनी में देश के अलग-अलग राज्यों से आए शोधकर्ताओं ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के मेल पर विचार रखे। शोधकर्ताओं ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और रोबोटिक्स में भारतीय ज्ञान परंपरा भविष्य की दिशा तय करने में भूमिका निभा सकती है। वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने शोध पत्रों का मूल्यांकन किया और चुने गए युवा शोधकर्ताओं को सम्मानित किया। नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के डॉ. वरुण कुमार शुक्ला, डॉ. धनंजय कुमार और वंदना पाल को यंग साइंटिस्ट अवार्ड दिया गया। अशोक पाठक, डॉ. बीके पांडेय, प्रतिभा यादव, अनामिका दुबे, राघवेंद्र प्रताप, नवीन श्रीवास्तव और रिया विश्वकर्मा के शोध पत्र भी चुने गए। मुख्य अतिथि और एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के कुलपति प्रो. राजेश तोमर ने गट-ब्रेन एक्सिस पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि पेट और मस्तिष्क एक-दूसरे से जुड़े हैं। विज्ञान में इस संबंध को गट-ब्रेन एक्सिस कहा जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में हजारों साल पहले ‘जैसा अन्न, वैसा मन’ के जरिए आहार और मानसिक स्वास्थ्य का संबंध बताया गया था। आधुनिक विज्ञान भी अब इस विचार का अध्ययन कर रहा है। प्रो. तोमर ने बताया कि आंतों में मौजूद सूक्ष्मजीव और तंत्रिका तंत्र मस्तिष्क तक लगातार संदेश पहुंचाते हैं। आंतों का संतुलन बिगड़ने से याददाश्त, एकाग्रता, नींद और मनोदशा पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध को समझने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका बढ़ रही है। एआई खानपान, जीवनशैली, गट माइक्रोबायोम और मस्तिष्क की गतिविधियों से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण कर सकती है। इससे पहले डॉ. कार्तिकेय शर्मा, डॉ. नारायणन श्रीनिवासन, शिखा रॉय, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. बीके पांडेय, डॉ. सुखदा, डॉ. शेखर वर्मा और डॉ. रवि श्रीवास्तव ने विचार रखे। संगोष्ठी का संचालन संस्थान प्रमुख डॉ. नीरज कुमार ने किया। इस मौके पर संस्थान अध्यक्ष डॉ. बीपी अग्रवाल, डॉ. विमल चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. शुभ्रा श्रीवास्तव, डॉ. शारदा सुंदरम और विज्ञान समन्वयक एवं मीडिया प्रभारी संजय श्रीवास्तव मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User