मथुरा में सैकड़ों महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया:यमुना के अड्डा घाट पर छठ पूजा की; कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा करेंगी

Nov 15, 2026 - 21:29
0
मथुरा में सैकड़ों महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया:यमुना के अड्डा घाट पर छठ पूजा की; कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा करेंगी
लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा रविवार को मथुरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यमुना नदी के अड्डा घाट पर छठ पूजन के लिए सैकड़ों महिलाएं अपने परिवार के साथ पहुंचीं। व्रती महिलाओं ने यमुना के जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना से वातावरण भक्तिमय हो गया। छठ पर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना का अनुष्ठान होता है। इस दिन पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर छठी मैया को अर्पित किया जाता है। इसके बाद करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है। तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के लिए व्रती महिलाएं बांस के सूप और दौरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचती हैं। यहां डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद चौथे दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा। कच्चे दूध और प्रसाद से व्रती महिलाएं पारण करेंगी। छठ पर्व की विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। यह पर्व स्वच्छता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। इसमें जाति और वर्ग के भेदभाव से दूर सभी लोग एक साथ पूजा-अर्चना करते हैं। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था कराई गई। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि महिलाएं छठ पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मना रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी गई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User