प्रयागराज में तहसील स्तरीय स्काउट-गाइड रैली का समापन:स्काउट में सरस्वती देवी कॉलेज और गाइड में आरपी रस्तोगी कॉलेज प्रथम
प्रयागराज के मलाकहरहर स्थित आरपी रस्तोगी इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय तहसील स्तरीय स्काउट एवं गाइड रैली का समापन हो गया। रैली में कई विद्यालयों के स्काउट-गाइड दलों ने प्रतिभाग कर अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवाभाव का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में सीनियर स्काउट वर्ग में सरस्वती देवी परमानंद सिंह इंटर कॉलेज ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर गाइड वर्ग में मेजबान आरपी रस्तोगी इंटरमीडिएट कॉलेज की टीम विजेता रही। जूनियर गाइड वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाफामऊ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने वॉच टावर और टेंट निर्माण, बिना बर्तनों के भोजन तैयार करने तथा आपातकालीन पुल निर्माण जैसी गतिविधियों में अपनी दक्षता दिखाई। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन, आत्मनिर्भरता, सामूहिक कार्य और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज, मऊआईमा, हनुमत दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज, इस्माइलपुर और आकेएम इंटर कॉलेज, अनापुर की टीमों ने उपविजेता के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रैली का उद्घाटन प्रधानाचार्य अनूप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. रवि भूषण और डॉ. संजय कुमार राय ने संयुक्त रूप से किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सरस्वती देवी परमानंद सिंह इंटर कॉलेज, कौड़िहार के प्रधानाचार्य डॉ. अभिषेक कुमार त्रिपाठी रहे। आयोजन स्काउट प्रभारी हरिनारायण पांडेय, गाइड प्रभारी मधुलिका, स्काउट मास्टर अरुण यादव और राकाकांत मिश्रा तथा गाइड कैप्टन सुधा यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. लालजी यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)