पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे:मिर्जापुर में एक घायल, ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-135 पर जाम लगाया
मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में दीपावली के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सोमवार को सायंकाल करीब 4 बजे हिंसक झड़प में बदल गया। गांव के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में 28 वर्षीय विकास नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफ़र किया गया है। जानकारी के अनुसार, शराब पीने के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच बीती रात करीब 11 बजे कहासुनी हो गई। सोमवार को दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के आमने-सामने आने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद एक पक्ष के लोगों ने विरोध जताते हुए नेशनल हाईवे-135 पर जाम लगा दिया। हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई और दोनों तरफ आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर भीषण जाम की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। विवाद के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)