पति की हत्या में पत्नी-रिश्ते के चाचा पर केस, AUDIO:एटा में भाई बोला- गर्दन पर चाकू से वार किए, सिर ईंट से कुचला
एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के भदवास गांव निवासी 42 वर्षीय रामसेवक की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उनका शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नगला गुलर और गंभीरपुर के बीच हाईवे किनारे नाले में मिला। परिजनों ने रामसेवक की पूर्व पत्नी सीमा और रिश्ते के चाचा आकाश पर प्रेम संबंधों के चलते हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भाई भूप सिंह की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति और महिला के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। व्यक्ति रामसेवक की हत्या का जिक्र करते हुए कहता है कि उसने उसे भगवान के पास पहुंचा दिया। वह महिला से सुबह निकल जाने और दोनों के नाम सामने न आने की बात भी कहता है। बातचीत में व्यक्ति यह भी कहता है कि उसने सब कुछ महिला के लिए किया और महिला ने उससे कहा था कि उनके बीच का कांटा हट जाएगा। ऑडियो में महिला कहती सुनाई देती है कि उसने अभी रामसेवक को मारने के लिए नहीं कहा था। इस पर व्यक्ति जवाब देता है कि अगर महिला उसे फंसाएगी तो वह भी उसे फंसा देगा। वह कहता है कि जो हुआ, गुस्से में हो गया। महिला यह भी कहती है कि उसने उसे मना किया था, क्योंकि रामसेवक बच्चे को लेकर आया था। हालांकि, ऑडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। दीपावली पर गांव आया था रामसेवक मृतक के भाई भूप सिंह ने बताया कि रामसेवक दिल्ली की आजादपुर मंडी के मॉडल टाउन इलाके में रहता था। वह दीपावली मनाने के लिए गांव आया था। परिजनों के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को पिलुआ कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसका शव हाईवे किनारे नाले में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी पर गांव में भीड़ जुट गई। 2009 में हुई थी सीमा से शादी भूप सिंह के मुताबिक, रामसेवक की शादी वर्ष 2009 में बिहार के खगड़िया निवासी सीमा पुत्री छोटे चौधरी से हुई थी। दोनों ने हाथरस में कोर्ट मैरिज की थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटी इशिका (12) और बेटा आदित्य (8) हैं। रामसेवक अपनी सास किरण देवी के साथ रहता था। सीमा के पहले पति से भी दो बेटे अभिषेक (20) और विवेक (19) हैं, जो दिल्ली में अपनी नानी के साथ रहते हैं। परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले अप्रैल 2025 में सीमा के संपर्क में रिश्ते का चाचा आकाश पिता महिपाल आया था। इसके बाद दोनों गुजरात के जामनगर में साथ रहने लगे। 5 नवंबर को सीमा गुजरात से दिल्ली आई थी। इसके बाद सात नवंबर को वह रामसेवक के साथ गांव के लिए निकली थी। शराब पिलाने के बाद हत्या का आरोप भूप सिंह का आरोप है कि आठ नवंबर को रामसेवक, सीमा और आकाश साथ थे। आकाश ने रामसेवक को शराब पिलाई। इसके बाद उसे गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ले जाकर ईंट से सिर पर कई वार किए और गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हत्या के बाद सीमा और आकाश वहां से चले गए। परिजनों के मुताबिक, सीमा बच्चे आदित्य को घटनास्थल पर छोड़कर चली गई थी। बाद में सीमा की बहन राणा ने रामसेवक के भांजे राहुल निवासी हाथरस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। गर्दन पर चाकू के कई निशान, सिर की हड्डियां टूटीं परिजनों के मुताबिक, रामसेवक की गर्दन पर चाकू से कई वार किए गए थे। सिर पर ईंट से हमला करने के कारण हड्डियां भी टूट गई थीं। घटनास्थल से पुलिस ने चाकू बरामद किया है। भाई भूप सिंह ने आरोप लगाया कि रामसेवक की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने भूप सिंह की तहरीर पर सीमा और आकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)