पुलिस जांच ने 9 लोगों की जिंदगी-बर्बाद होने से बचाई:विरोधियों को फंसाने के लिए हत्या, परिवार का होगा डीएनए टेस्ट
शाहजहांपुर पुलिस ने हत्या के मामले में मंगलवार को आठ आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस जांच में ग्राम प्रशासक राजेश मिश्रा समेत नौ लोगों के खिलाफ लगाए गए हत्या के आरोप झूठे पाए गए। कुएं में मिला सिर कटा धड़ विनोद का नहीं, बल्कि निगोही थाना क्षेत्र के चौढेरा गांव निवासी राजपाल का था। पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म के आरोपी विनोद ने जेल जाने से बचने और अपने विरोधियों को फंसाने के लिए राजपाल की हत्या कर शव को अपनी पहचान देने की साजिश रची थी। तीन साल पुरानी रंजिश में फंसाया गया ग्राम प्रशासक मामला कलान थाना क्षेत्र के सीयूड़ी गांव का है। यहां ग्राम प्रशासक राजेश मिश्रा और विनोद के घर आमने-सामने हैं। दोनों के बीच करीब तीन साल पहले गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में रंजिश में बदल गया। विनोद पर दुष्कर्म समेत पांच मुकदमे दर्ज थे। 17 नवंबर को गांव के एक कुएं से सिर कटा शव मिला था। 18 नवंबर को दिल्ली से आई विनोद की पत्नी पूजा ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की पहचान अपने पति के रूप में की। इसके बाद उसने ग्राम प्रशासक राजेश मिश्रा समेत नौ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप लगने के बाद गांव छोड़कर चले गए थे राजेश ग्राम प्रशासक राजेश मिश्रा ने बताया कि आरोप लगने के बाद उन्हें अपने परिवार की चिंता सताने लगी थी। उनका कहना है कि विनोद के परिवार के लोग उनके घर के सामने गाली-गलौज करते थे और लगातार धमकियां दे रहे थे। इसी वजह से वह गांव छोड़कर चले गए थे। जाने से पहले उन्होंने परिवार की महिलाओं को घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी थी। राजेश ने कहा कि अगर पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं करती तो नौ लोगों की जिंदगी बर्बाद हो सकती थी। उन्हें पुलिस की जांच पर भरोसा था। जांच के बाद वह पांच दिन में अपने परिवार से मिले। उन्होंने पुलिस का आभार जताया। विनोद का धड़ बताकर किया था अंतिम संस्कार कुएं में मिले धड़ का सिर अब तक नहीं मिला है। शुरुआत में पूजा ने शव की पहचान विनोद के रूप में की थी। इसके बाद बेटे आदित्य ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। दसवें का कार्यक्रम भी हुआ और विनोद के परिवार के लोगों ने सिर मुंडवा लिया। पुलिस ने विनोद की पत्नी पूजा, मां सुमिरता और बेटे का डीएनए सैंपल लिया था, लेकिन उसे जांच के लिए नहीं भेजा था। जांच में पुलिस को पता चला कि कुएं में मिला धड़ विनोद का नहीं, बल्कि चौढेरा गांव निवासी राजपाल का है। राजपाल के परिवार से लिया जाएगा डीएनए सैंपल मृतक राजपाल की पत्नी और बेटा करीब दस साल पहले उसे छोड़कर जा चुके हैं। पुलिस अब उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि उनका डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा सके। इससे शव की पहचान की पुष्टि की जाएगी। जेल भेजे गए आठ आरोपी, दो की तलाश पुलिस के मुताबिक, विनोद ने 14 नवंबर की रात राजपाल की हत्या की थी। आरोप है कि उसने कुएं के पास गड़ासे से राजपाल की गर्दन काटी और धड़ के पास अपने आधार कार्ड की कॉपी रख दी। 17 नवंबर को शव बरामद हुआ था। पुलिस का कहना है कि विनोद का मकसद शव की पहचान अपनी बताकर खुद को पुलिस रिकॉर्ड में मृत घोषित कराना और विरोधियों को हत्या के मामले में फंसाना था। इस मामले में पुलिस ने विनोद और उसके दो साथियों समेत आठ लोगों को जेल भेजा है। इनमें विनोद की पत्नी, बेटा, भाई और भतीजा भी शामिल हैं। दो अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)