कानपुर कचहरी में अधिवक्ता हड़ताल पर, वादकारी लौटे:नारेबाजी कर बंद कराया काम, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन
15 सूत्रीय मांगों को लेकर 2 माह से कानपुर कचहरी में चल रही साप्ताहिक हड़ताल के क्रम में 10 वें बुधवार को एक बार फिर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने कचहरी के गेट पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। कचहरी परिसर में घूम–घूमकर नारेबाजी करते हुए अधिवक्ताओं न्यायिक कार्य से विरत रहने की अपील की, साथ ही रजिस्ट्री ऑफिस में कार्य बंद कराया। दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन में लिया गया था निर्णय बार एसोसिएशन व लायर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 10 व 11 सितंबर को दो दिन चले प्रांतीय सम्मेलन में अधिवक्ताओं की मांगे न माने जाने तक सप्ताह में हर बुधवार को न्यायिक कार्य बहिष्कार करने की घोषणा की गई थी। इसी घोषणा के तहत 10वें बुधवार को भी कानपुर समेत कई जिलों में अधिवक्ताओं ने सामूहिक अवकाश रखा। टाइपिस्ट, स्टांप वेंडर व फोटोकापी की भी ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। अदालतों में सन्नाटा छाया रहा। वादकारियों को मुकदमों में तारीख लेकर वापस लौटना पड़ा। बार एसोसिएशन कार्यालय के बाहर सुबह से ही अधिवक्ता एकत्रित होकर अधिवक्ता एकता जिंदाबाद, हमारी मांगें पूरी करो के नारे लगाते हुए एकजुटता दिखाई। इसके बाद वकीलों ने अलग-अलग समूह बनाया। एक समूह अदालतों की ओर, एक रजिस्ट्री कार्यालय और एक समूह तहसील की ओर रवाना हो गया। यहां अधिवक्ताओं ने घूम–घूम कर नारेबाजी करते हुए सभी अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्य न करने का आह्वान किया। पदाधिकारी बोले- जारी रहेगा आंदोलन बार एसोसिएशन के महामंत्री बिनय मिश्रा व लायर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि आंदोलन को तेज करने के लिए आगे की रणनीति बनाई जाएगी। महामंत्री बिनय मिश्रा ने कहा कि लगभग ढाई महीने बीतने के बाद भी प्रदेश सरकार या न्यायिक अधिकारियों की ओर से अधिवक्ताओं की मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया है, जब तक समस्या का हल नहीं निकलता आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)