पूर्व BDC सदस्य के हत्यारोपियों से पुलिस की मुठभेड़, गिरफ्तार:जालौन में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली, फावड़े से की थी हत्या
जालौन में पूर्व BDC सदस्य राजेश कुमार सलोनिया हत्याकांड के फरार दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ग्राम औरखी चाकी के पास पुलिस और आरोपियों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में निखिल और संदीप के पैरों में गोली लग गई। दोनों को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों ने पुलिस पर की फायरिंग पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह के मुताबिक, 14 नवंबर को कुसमरा गांव में पूर्व BDC सदस्य राजेश कुमार सलोनिया की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में कोतवाली जालौन में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार 17 नवंबर की सुबह पुलिस टीम बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के आसपास आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में लगी गोली सीओ के अनुसार, पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें राजेश हत्याकांड के नामजद आरोपी निखिल और संदीप के पैरों में गोली लग गई। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। मुठभेड़ की सूचना पर सीओ अजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। 14 नवंबर को फावड़े से हमला कर की गई थी हत्या गौरतलब है कि 14 नवंबर को कुसमरा गांव में पूर्व BDC सदस्य राजेश सलोनिया की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को हुई मुठभेड़ में दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)