रामनगरी से जनकपुर तक दौड़ेगी वंदे भारत:23 नवंबर को दोनों देशों के PM दिखाएंगे हरी झंडी
रामनगरी अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर (नेपाल) तक अब सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। 23 नवंबर को अयोध्या और जनकपुर के बीच प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन होगा। दिल्ली के हैदराबाद हाउस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके लिए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर विशेष समारोह आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय की ओर से इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, विदेश मंत्रालय ने नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान 23 नवंबर को नई रेल सेवा के उद्घाटन की संभावना जताई है। इसके बाद रेलवे ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम को नई दिल्ली से लाइव लिंक के जरिए जोड़ा जाएगा। स्टेशन पर जुटेंगे केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी प्रस्तावित है। सांसद अवधेश प्रसाद, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी को भी आमंत्रित किया गया है। लल्लू सिंह के प्रयासों को मिली सफलता अयोध्या से जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू कराने के लिए पूर्व सांसद लल्लू सिंह लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस सेवा को शुरू करने का अनुरोध किया था। ट्रेन संचालन की घोषणा पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया। लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो शहरों का नहीं, बल्कि भगवान राम और माता सीता के पवित्र रिश्ते से जुड़ा है। अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। साथ ही भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)