राप्ती नदी खतरे के निशान से 70 सेंमी ऊपर:श्रावस्ती में चौथे दिन भी बारिश, तेज हवा से पेड़ गिरे; गांवों में जलभराव से बढ़ी चिंता

Sep 26, 2026 - 14:50
0
राप्ती नदी खतरे के निशान से 70 सेंमी ऊपर:श्रावस्ती में चौथे दिन भी बारिश, तेज हवा से पेड़ गिरे; गांवों में जलभराव से बढ़ी चिंता
श्रावस्ती में लगातार चौथे दिन बारिश जारी है। शनिवार को बारिश के साथ तेज हवा चलने से कई इलाकों में पेड़ और कच्चे मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी बीच राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। दोपहर 12 बजे नदी 128.40 मीटर पर बह रही थी, जबकि खतरे का निशान 127.70 मीटर है। यानी राप्ती करीब 70 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। लगातार बारिश का सीधा असर राप्ती नदी के जलस्तर पर पड़ा है। शनिवार दोपहर तक नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी थी। पानी बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क किया गया है। अधिकारियों की टीमें संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही हैं, ताकि पानी बढ़ने की स्थिति में समय रहते लोगों तक राहत और बचाव की मदद पहुंचाई जा सके। टीन शेड और कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त शनिवार को बारिश के साथ चली तेज हवाओं का असर भिनगा, इकौना और जमुनहा क्षेत्रों में दिखाई दिया। कई जगह पेड़ सड़क और आसपास के इलाकों में गिर गए। कुछ स्थानों पर टीन शेड उड़ने के साथ कच्चे मकानों की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं भिनगा, गिलौला, इकौना और जमुनहा समेत कई कस्बों और गांवों में बारिश का पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बिजली आपूर्ति प्रभावित, फाल्ट ठीक करने में जुटी टीमें लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। अलग-अलग स्थानों पर फाल्ट आने के बाद विद्युतकर्मी बारिश के बीच उन्हें ठीक करने में जुटे हैं। विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी, नहर, तालाब और नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। साथ ही कमजोर, कच्चे और जर्जर मकानों में रहने से बचने तथा सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। रेड अलर्ट के बीच डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को वज्रपात और सर्पदंश को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने अशरफ नगर मधवापुर घाट समेत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर बारिश और नदी के बढ़ते पानी से बने हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने संभावित बाढ़ को देखते हुए निगरानी बढ़ाने के साथ संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का फोकस तटवर्ती क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User