रोजगार और निवेश का झांसा देकर 200 लोगों से ठगी:उज्जवल धन निधि लिमिटेड के एमडी और 3 निदेशकों समेत पांच पर केस, 90 लाख रुपए लेने का आरोप
बाराबंकी में नौकरी दिलाने और निवेश पर ज्यादा ब्याज देने का झांसा देकर करीब 200 लोगों से 90 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर रविवार सुबह 11 बजे बड्डूपुर थाने में हरियाणा की उज्ज्वल धन निधि लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश चौधरी और तीन निदेशकों समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में बैठक कर निवेश का दिया था झांसा फतेहपुर के बेहड़ा मिठवारा गांव निवासी उमाकांत वर्मा ने अदालत में शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अप्रैल 2023 में कंपनी के प्रतिनिधि बड्डूपुर इलाके के डफरपुर चौराहे पर पहुंचे थे। उन्होंने गांव के बेरोजगारों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही कंपनी को भारत सरकार की ओर से संचालित बताकर कई प्रमाणपत्र और राजपत्र भी दिखाए। करीब 10 दिन बाद कंपनी ने एक बैठक की। इसमें लोगों को एक से पांच साल के लिए निवेश करने पर ज्यादा ब्याज देने का वादा किया गया। कंपनी की बातों पर भरोसा करके करीब 200 लोगों ने एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के पानीपत स्थित कॉरपोरेट खातों में पैसे जमा किए। अप्रैल 2025 तक किया भुगतान, फिर बंद कर दिया उमाकांत के मुताबिक, कंपनी ने अप्रैल 2025 तक कुछ खाताधारकों को थोड़ी-थोड़ी रकम दी। इससे लोगों का भरोसा बना रहा। हालांकि, मई 2025 से कंपनी ने भुगतान बंद कर दिया। इसके बाद निवेशकों को न तो ब्याज मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई। पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज बड्डूपुर थाना प्रभारी मनोज सोनकर ने बताया कि अदालत के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर जांच की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)