सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप:खिलाड़ियों ने शुरू किया अभ्यास, दिग्गजों का लखनऊ पहुंचना जारी

Nov 23, 2026 - 22:38
0
सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप:खिलाड़ियों ने शुरू किया अभ्यास, दिग्गजों का लखनऊ पहुंचना जारी
लखनऊ में होने वाली सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप की शुरुआत से पहले सोमवार को देश और विदेश के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर जमकर अभ्यास किया। गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास (बीबीडी) बैडमिंटन अकादमी में आयोजित इस प्रतियोगिता की इनामी राशि 2,50,000 अमेरिकी डॉलर है। अभ्यास सत्र में एशियन गेम्स पदक विजेता एचएस प्रणय, पिछली सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा के साथ-साथ तीन बार की ओलंपियन अश्विनी पोनप्पा ने अपनी तैयारियों को परखा। मिश्रित युगल की शीर्ष भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो भी लखनऊ पहुंच चुकी है। खिलाड़ियों ने बीबीडी अकादमी के अलावा गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी पसीना बहाया। इस बार टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता प्राप्त एचएस प्रणय, उन्नति और तन्वी से खिताब की बड़ी उम्मीदें हैं, जबकि अश्विनी पोनप्पा को मिश्रित युगल में रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है। भारतीय खिलाड़ियों के पास अपने घरेलू कोर्ट पर शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग सुधारने का सुनहरा मौका है। वहीं, महिला युगल की मौजूदा चैंपियन जोड़ी खिताब की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी। प्रतियोगिता के क्वालीफाइंग मुकाबले 24 नवंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होंगे, जबकि मुख्य ड्रॉ के कुछ युगल मैच इसी दिन दोपहर 2:30 बजे से खेले जाएंगे। मुख्य ड्रॉ के बाकी सभी मुकाबले 25 नवंबर से होंगे। मुख्य ड्रॉ में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों पर भी सबकी नजरें रहेंगी। महिला एकल में यूपी की मानसी सिंह चुनौती पेश करेंगी। वहीं, महिला युगल में श्रुति मिश्रा (प्रिया के साथ), समृद्धि सिंह-अमोलिका सिंह सिसोदिया और सोनाली सिंह (रितिका ठाकेर के साथ) प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सफल आयोजन में यूपी टूरिज्म, इन्वेस्ट यूपी, रेडिको खेतान, मिगसन और काउंटी फाउंडेशन जैसे संस्थान सहयोग दे रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User